तमिलनाडु विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी पहली उम्मीदवार सूची जारी कर दी है। इस सूची में कुल 27 प्रत्याशियों के नाम शामिल हैं, जिनमें राज्य के कई प्रमुख नेताओं को चुनावी मैदान में उतारा गया है। पार्टी ने इस बार महिला प्रतिनिधित्व को भी प्राथमिकता देते हुए 5 महिला उम्मीदवारों को टिकट दिया है।
बड़े नामों पर दांव, तमिलिसाई सुंदरराजन मायलापुर से
घोषित सूची में पूर्व राज्यपाल और वरिष्ठ भाजपा नेता तमिलिसाई सुंदरराजन को मायलापुर सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। इसके अलावा, तमिलनाडु BJP अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन को सत्तूर सीट से टिकट दिया गया है।
भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वनथी श्रीनिवासन को कोयंबटूर (नॉर्थ) से चुनाव लड़ने का मौका मिला है। वहीं, केंद्रीय राज्य मंत्री एल. मुरुगन को अविनाशी (आरक्षित सीट) से उम्मीदवार बनाया गया है।
अन्नामलाई को नहीं मिला टिकट, अटकलों पर विराम
काफी समय से यह चर्चा चल रही थी कि तमिलनाडु BJP के पूर्व अध्यक्ष अन्नामलाई को इस बार विधानसभा चुनाव में उतारा जा सकता है। हालांकि, जारी सूची में उनका नाम शामिल नहीं होने से सभी कयासों पर विराम लग गया है। बताया जा रहा था कि वे कोयंबटूर नॉर्थ सीट से चुनाव लड़ना चाहते थे।
NDA गठबंधन बनाम DMK, मुकाबला होगा दिलचस्प
तमिलनाडु में BJP इस चुनाव में AIADMK के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ रही है। NDA गठबंधन में PMK, तमिल मनीला कांग्रेस और AMMK जैसे दल भी शामिल हैं। इस बार मुकाबला NDA और DMK के बीच कड़ा माना जा रहा है।
PM मोदी करेंगे चुनाव प्रचार की शुरुआत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तमिलनाडु में चुनाव प्रचार को तेज करने जा रहे हैं। वे शुक्रवार से अभियान शुरू करेंगे और शनिवार को चेन्नई में पार्टी पदाधिकारियों, जमीनी कार्यकर्ताओं और अन्य प्रमुख लोगों के साथ अहम बैठक करेंगे।
चुनाव तारीख और अहम आंकड़े
तमिलनाडु की 234 विधानसभा सीटों के लिए 23 अप्रैल को मतदान होगा।
- नामांकन की अंतिम तारीख: 6 अप्रैल
- नाम वापसी की अंतिम तारीख: 9 अप्रैल
- नतीजे घोषित होंगे: 4 मई
इस बार राज्य में कुल 5,67,74,436 मतदाता वोट डालेंगे, जिनमें 12,51,749 पहली बार वोटर हैं।
85 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाताओं की संख्या 3,99,668 है।
चुनाव के लिए 75,032 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
यह भी पढ़ें- Anushka ने प्यूमा पर लगाया बिना परमिशन फोटो इस्तेमाल करने का आरोप




