बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को ‘समृद्धि यात्रा’ के तहत जमुई में आयोजित कार्यक्रम में एक अहम राजनीतिक संकेत दिया। उनके साथ मंच पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान नीतीश कुमार ने सार्वजनिक रूप से सम्राट चौधरी के कंधे पर हाथ रखा और लोगों से उनके समर्थन में हाथ उठाने को कहा। इस दौरान उन्होंने कहा, “अब आगे का सारा काम ये (सम्राट) ही संभालेंगे।”
क्या सम्राट चौधरी होंगे अगले मुख्यमंत्री?
नीतीश कुमार के इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। सवाल उठ रहे हैं कि क्या उन्होंने सम्राट चौधरी को अपना उत्तराधिकारी संकेतित किया है। विश्लेषकों का मानना है कि यह बयान आगामी नेतृत्व परिवर्तन की ओर इशारा हो सकता है। इससे यह भी कयास लगाए जा रहे हैं कि मुख्यमंत्री पद के लिए सम्राट चौधरी उनकी पहली पसंद हो सकते हैं।
राज्यसभा जाने से पहले बढ़ी हलचल
गौरतलब है कि नीतीश कुमार राज्यसभा के लिए निर्वाचित हो चुके हैं और 10 अप्रैल के बाद उनका नया कार्यकाल शुरू होगा। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि वह अगले महीने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं। यदि ऐसा होता है, तो बिहार में नई सरकार का गठन होगा और इस बार भाजपा के नेतृत्व में मुख्यमंत्री बनने की चर्चा भी तेज है। इस संदर्भ में सम्राट चौधरी को लेकर दिया गया संकेत काफी अहम माना जा रहा है।
पहले भी दे चुके हैं संकेत
यह पहला मौका नहीं है जब नीतीश कुमार ने सम्राट चौधरी को लेकर इस तरह का इशारा किया हो। हाल ही में कटिहार के एक कार्यक्रम में भी उन्होंने मंच पर सम्राट की पीठ थपथपाकर उन्हें प्रोत्साहित किया था।
कुंडघाट जलाशय परियोजना का उद्घाटन
जमुई दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने कुंडघाट जलाशय परियोजना का उद्घाटन किया और स्थल का निरीक्षण भी किया। इसके अलावा उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों से जुड़े स्टॉलों का अवलोकन किया। समृद्धि यात्रा के चौथे चरण के दूसरे दिन के कार्यक्रम के तहत उनका नवादा में भी दौरा प्रस्तावित है। राज्यसभा रवाना होने से पहले ये सभी दौरे राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।
इसे भी पढे: देहरादून में फिर से एक बड़ा हादसा होने से टला, लड़की को आई करछी से चोट
हमारे फेबुकपेज से जुडने के लिए क्लिक करें



