HomeInternationalमोसाद के निशाने पर था मुनीर? पाकिस्तान ने भेजा इजरायल को सख्त...

मोसाद के निशाने पर था मुनीर? पाकिस्तान ने भेजा इजरायल को सख्त संदेश

अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव को कम करने के लिए स्विट्जरलैंड में चल रही अहम बातचीत के बीच पाकिस्तान सेना प्रमुख फील्ड मार्शल जनरल आसिम मुनीर को लेकर बड़ा दावा सामने आया है। ब्राजील के मशहूर जियोपॉलिटिकल एनालिस्ट और पत्रकार पेप एस्कोबार ने दावा किया है कि स्विट्जरलैंड में उनके खिलाफ कथित हत्या की साजिश रची गई थी।

पॉडकास्ट इंटरव्यू में किया सनसनीखेज दावा

लेबनीज-ऑस्ट्रेलियन पॉडकास्टर मारियो नोफाल के शो में बातचीत के दौरान पेप एस्कोबार ने कहा कि 21 जून को स्विट्जरलैंड में बड़ा सुरक्षा संकट पैदा हो गया था। उनके मुताबिक, पाकिस्तान की सैन्य खुफिया एजेंसी को विश्वसनीय इनपुट मिले थे कि इजराइली खुफिया एजेंसी मोसाद जनरल आसिम मुनीर और उनके प्रतिनिधिमंडल को निशाना बनाने की तैयारी में है। एस्कोबार ने दावा किया कि जैसे ही पाकिस्तान को इस कथित खतरे की जानकारी मिली, उसने तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए इजराइल को कड़ा संदेश भेजा।

पाकिस्तान ने कथित तौर पर इजराइल को दी चेतावनी

एस्कोबार के अनुसार, पाकिस्तान ने अपने पारंपरिक मध्यस्थों के जरिए इजराइल तक संदेश पहुंचाया। उन्होंने अनुमान जताया कि इस मामले में ओमान ने मध्यस्थ की भूमिका निभाई हो सकती है।

उनका कहना है कि पाकिस्तान ने स्पष्ट चेतावनी दी थी कि यदि पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल को किसी तरह का नुकसान पहुंचाया गया तो उसका गंभीर जवाब दिया जाएगा। एस्कोबार ने यह भी कहा कि यह जानकारी उन्हें अपने विश्वसनीय सूत्रों से मिली है।

सोशल मीडिया पर भी तेज हुई चर्चा

हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर कई यूजर्स यह दावा कर रहे थे कि इजराइल ने पाकिस्तान को धमकी दी है। हालांकि, एस्कोबार का कहना है कि वास्तविकता इससे उलट थी और कथित चेतावनी पाकिस्तान की ओर से भेजी गई थी।

इसी बीच सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि यदि वास्तव में इतना गंभीर सुरक्षा खतरा मौजूद था तो क्या स्विट्जरलैंड, अमेरिका या पाकिस्तान की सुरक्षा एजेंसियों ने कोई सार्वजनिक चेतावनी जारी की थी?

किसी भी देश ने जारी नहीं किया आधिकारिक अलर्ट

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, स्विस, अमेरिकी और पाकिस्तानी एजेंसियों की ओर से ऐसा कोई आधिकारिक सुरक्षा अलर्ट जारी नहीं किया गया। इतना ही नहीं, किसी भी देश ने सार्वजनिक रूप से किसी हत्या की साजिश का जिक्र भी नहीं किया है।

अब तक ना तो पाकिस्तान सरकार और ना ही इजराइल सरकार ने इन दावों की पुष्टि की है। दोनों देशों की तरफ से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। ऐसे में फिलहाल यह पूरा मामला मुख्य रूप से पेप एस्कोबार और उनके सूत्रों के दावों पर आधारित माना जा रहा है।

अमेरिका-ईरान तनाव के बीच बढ़ी थी पाकिस्तान की सक्रियता

हाल के दिनों में अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के दौरान पाकिस्तान ने खुद को मध्यस्थ के तौर पर पेश करने की कोशिश की थी। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख आसिम मुनीर पिछले सप्ताह स्विट्जरलैंड पहुंचे थे, जहां वे अमेरिका और ईरान के बीच चल रही चर्चाओं में शामिल थे।

इसी दौरान कथित सुरक्षा खतरे की बात सामने आई। एस्कोबार का दावा है कि यदि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसियां समय रहते इस जानकारी को नहीं पकड़तीं तो यह मामला बड़े अंतरराष्ट्रीय संकट का रूप ले सकता था।

पाकिस्तान के पत्रकारों ने दावे को बताया बेबुनियाद

हालांकि, पाकिस्तान के कई वरिष्ठ पत्रकारों और राजनीतिक विश्लेषकों ने पेप एस्कोबार के इन दावों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। पाकिस्तान के डिजिटल न्यूज प्लेटफॉर्म ‘द करंट’ के मुताबिक, कई पत्रकारों ने इस कहानी को तथ्यों से परे और आधारहीन बताया है।

सीनियर पत्रकार सैयद तलत हुसैन ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि आसिम मुनीर की हत्या की कथित साजिश वाली खबर पूरी तरह निराधार है और इसमें किसी तरह की सच्चाई नहीं है।


इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस

RELATED ARTICLES
-Advertisement-spot_img
-Advertisement-spot_img
-Advertisement-
-Advertisement-
-Advertisement-
-Advertisement-
-Advertisement-

Most Popular

About Khabar Sansar

Khabar Sansar (Khabarsansar) is Uttarakhand No.1 Hindi News Portal. We publish Local and State News, National News, World News & more from all over the strength.