भारतीय टेस्ट टीम में लंबे समय के बाद वापसी करने वाले अजिंक्य रहाणे ने अपने एक फैसले से सभी को अब चौंका दिया है। रहाणे की वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) फाइनल में लगभग 18 महीने के बाद टीम इंडिया में वापसी हुई थी। इस मुकाबले की दोनों पारियों में उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन किया था। हालांकि भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद वेस्टइंडीज के दौरे पर 2 मैचों की टेस्ट सीरीज रहाणे के लिए कुछ खास नहीं बीती।
Ajinkya Rahane ने अब वेस्टइंडीज के दौरे से लौटने के बाद इंग्लैंड के काउंटी क्लब लीसेस्टरशायर के लिए खेलने से वनडे टूर्नामेंट में मना कर दिया है। उन्होंने क्लब को अपने इस फैसले के बारे में बता दिया है, जिसमें रहाणे ने क्रिकेट से एक छोटा ब्रेक लेने की बात अपने इस फैसले में कही है।
इंग्लैंड के घरेलू 50 ओवर का टूर्नामेंट अगस्त में शुरू होकर सितंबर महीने तक चलेगा। रॉयल लंदन वन-डे कप टूर्नामेंट में लीसेस्टरशायर की टीम को 5 अगस्त को ग्रुप-बी में अपना पहला मुकाबला केंट की टीम से खेलना है। रहाणे के इस ब्रेक को लेकर क्लब की तरफ से भी एक बयान जारी किया गया है।
हम रहाणे के इस फैसले का सम्मान करते हैं
लीसेस्टरशायर क्लब की तरफ से Ajinkya Rahane के इस फैसले को लेकर एक बयान जारी किया गया है। इसमें क्लब के डायरेक्टर ने कहा कि हम रहाणे की स्थिति को समझते हैं और पिछले कुछ महीनों में उनका काफी व्यस्त शेड्यूल रहा है। हम उनके परिवार के साथ समय बिताने के फैसले का पूरी तरह सम्मान करते हैं। रहाणे की जगह पर क्लब ने आगामी टूर्नामेंट के लिए ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी पीटर हैंड्सकॉम्ब को अपनी टीम का हिस्सा बनाया है।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस



