भारतीय टेस्ट टीम एक नए अध्याय की शुरुआत करने जा रही है, इस बार नेतृत्व की जिम्मेदारी शुभमन गिल को सौंपी गई है। टीम की पहली परीक्षा इंग्लैंड की सरज़मीं पर होगी, जहां भारत पिछले 18 सालों से कोई टेस्ट सीरीज नहीं जीत पाया है। यहां तक कि महेंद्र सिंह धोनी और विराट कोहली जैसे दिग्गज कप्तान भी इस मिशन में सफल नहीं हो पाए।
टीम में अनुभव और युवा जोश का बेहतरीन संतुलन है, जो इसे किसी भी चुनौती से पार पाने के लिए सक्षम बनाता है। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि यह सीरीज बेहद रोमांचक होगी और गिल की कप्तानी में भारत इतिहास रच सकता है।
कब और कहां होंगे मैच?
भारत बनाम इंग्लैंड टेस्ट सीरीज की शुरुआत 20 जून से होगी। पहला मुकाबला लीड्स के हेडिंग्ले क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा। पांच मैचों की यह सीरीज 31 जुलाई से 4 अगस्त के बीच द ओवल में समाप्त होगी।
टेस्ट सीरीज का पूरा शेड्यूल:
- 20 से 24 जून – हेडिंग्ले, लीड्स
- 2 से 6 जुलाई – एजबेस्टन, बर्मिंघम
- 10 से 14 जुलाई – लॉर्ड्स, लंदन
- 23 से 27 जुलाई – ओल्ड ट्रैफर्ड, मैनचेस्टर
- 31 जुलाई से 4 अगस्त – द ओवल, लंदन
सभी मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 3:30 बजे से शुरू होंगे, जबकि टॉस का समय दोपहर 3:00 बजे तय है।
कहां देखें IND vs ENG टेस्ट मैच?
भारत और इंग्लैंड टेस्ट सीरीज का लाइव टेलीकास्ट Sony Sports Network के विभिन्न चैनलों पर किया जाएगा।
लाइव स्ट्रीमिंग: मैचों की ऑनलाइन स्ट्रीमिंग JioCinema और Disney+ Hotstar दोनों प्लेटफॉर्म्स पर उपलब्ध होगी। सोनी स्पोर्ट्स और जियो हॉटस्टार के बीच हुए समझौते के तहत यह स्ट्रीमिंग संभव हो रही है। डीडी स्पोर्ट्स पर भारत बनाम इंग्लैंड टेस्ट सीरीज के सभी मैच फ्री टू एयर देखे जा सकते हैं, इसके लिए किसी स्पेशल प्लान की जरूरत नहीं होगी।
शुभमन गिल के नेतृत्व में भारतीय टीम के पास इतिहास बदलने का सुनहरा मौका है। क्या इस बार टीम इंडिया इंग्लैंड में टेस्ट सीरीज जीतने का सूखा खत्म कर पाएगी? इसका जवाब आने वाले रोमांचक मुकाबलों में मिलेगा।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस



