नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हालिया आतंकी हमले और भारत-पाक तनाव के बीच एशिया कप 2025 के आयोजन को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। हालांकि, एक ताजा रिपोर्ट ने टूर्नामेंट के संभावित कार्यक्रम पर थोड़ी रोशनी डाली है। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल का एशिया कप 5 सितंबर से यूएई में शुरू हो सकता है, जिसकी मेजबानी बीसीसीआई के हाथों में रहेगी।
यूएई में 17 दिनों तक चलेगा टूर्नामेंट
रिपोर्ट के मुताबिक, टूर्नामेंट 17 दिनों तक चलेगा और 21 सितंबर को फाइनल खेला जाएगा। इसमें भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, अफगानिस्तान, बांग्लादेश और मेज़बान यूएई की टीमें हिस्सा लेंगी। प्रारंभिक कार्यक्रम के अनुसार, सबसे बड़ा मुकाबला यानी भारत-पाकिस्तान भिड़ंत 7 सितंबर को होगी। सभी टीमें फिलहाल अपनी-अपनी सरकारों से भागीदारी की मंज़ूरी लेने की प्रक्रिया में हैं।
भारत-पाक तनाव के बीच टूर्नामेंट पर संशय
जम्मू-कश्मीर में आतंकवादी हमले और उसके जवाब में भारत द्वारा पाकिस्तान व पीओके में सैन्य अभियान चलाने के बाद टूर्नामेंट के आयोजन को लेकर सवाल उठने लगे थे। पहले यह अटकलें भी थीं कि भारत शायद टूर्नामेंट में भाग ही न ले। लेकिन बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने भारत के हटने की खबरों को खारिज कर दिया।
टी-20 प्रारूप में खेला जाएगा एशिया कप
इस बार एशिया कप टी-20 प्रारूप में खेला जाएगा। ग्रुप चरण के बाद सुपर फोर चरण होगा और शीर्ष दो टीमें खिताबी मुकाबले में भिड़ेंगी। क्रिकेट प्रशंसकों को उम्मीद है कि तमाम चुनौतियों के बावजूद एशिया के दिग्गजों के बीच जबरदस्त मुकाबले देखने को मिलेंगे।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस



