ढाका के उत्तरा इलाके में सोमवार सुबह बांग्लादेश वायु सेना का एक एफ-7 प्रशिक्षण विमान उड़ान के दौरान माइलस्टोन स्कूल एंड कॉलेज की इमारत से जा टकराया। इस दर्दनाक हादसे में कम से कम 1 व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 100 से ज्यादा लोग घायल हो गए।
आग और अफरातफरी का मंजर
दुर्घटना के वक्त स्कूल में कक्षाएं चल रही थीं। हादसे के तुरंत बाद इमारत से आग और काले धुएं का गुबार उठता दिखा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कई छात्र गंभीर रूप से झुलस गए और खून से लथपथ हालत में इधर-उधर भागते दिखे। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए सेना के जवानों ने अपनी गोद में उठाकर रिक्शा वैन और अन्य वाहनों का सहारा लिया, क्योंकि मौके पर एम्बुलेंस की संख्या कम थी।
रेस्क्यू में सेना और अग्निशमन दल जुटे
कॉलेज के शिक्षकों और कर्मचारियों ने पहले रेस्क्यू शुरू किया। बाद में सेना और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्कूल के एक शिक्षक ने बताया कि विमान तीन मंजिला इमारत के सामने के हिस्से से टकराया, जिससे कई छात्र अंदर फंस गए। 30 से ज्यादा घायलों को नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ बर्न एंड प्लास्टिक सर्जरी में भर्ती किया गया है। अन्य को नजदीकी अस्पतालों में भेजा गया।
जांच के आदेश
बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि सरकार जांच कराएगी और सभी प्रभावितों को हरसंभव मदद दी जाएगी। उन्होंने इसे राष्ट्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया। गौरतलब है कि यह इस साल दुर्घटनाग्रस्त होने वाला दूसरा चीनी एफ-7 विमान है। इससे पहले म्यांमार में भी इसी तरह का विमान हादसा हो चुका है।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस
