नेपाल में भारी बारिश के बीच लगातार हो रहे भूस्खलन और बाढ़ ने कई इलाकों में तबाही मचा दी है। सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में पहाड़ का बड़ा हिस्सा तेजी से काली गंडकी नदी में गिरता दिखाई दे रहा है। बारिश से जुड़ी घटनाओं में कम से कम 21 लोगों की मौत हुई है।
वीडियो में क्या दिखाई दिया?
नेपाल में भारी बारिश के बीच भूस्खलन के कई वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं। इनमें एक वीडियो में पहाड़ी का बड़ा हिस्सा तेजी से ढहता हुआ दिखाई दे रहा है। मलबा नीचे की ओर बढ़ने के दौरान स्थानीय लोगों को चीखते-चिल्लाते सुना जा सकता है। अधिकारियों के अनुसार, गंडकी प्रांत के बाग्लुंग में 10, म्याग्दी में छह और मनांग में दो लोगों की मौत हुई है। लुंबिनी प्रांत के पाल्पा में पांच लोगों की मौत की खबर है। वहीं, धनुषा जिले की मिथिला नगरपालिका में भूस्खलन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हुई है। कुल 14 लोग अभी भी लापता हैं।
वीडियों भी देखें
बारिश और भूस्खलन से कई लोगों की मौत
पुलिस के अनुसार, मनांग में 10, म्याग्दी में तीन और बाग्लुंग में एक व्यक्ति लापता है। लमजुंग में दो लोग घायल हुए हैं, जबकि बाग्लुंग और म्याग्दी में एक-एक व्यक्ति के घायल होने की सूचना है। नेपाल के राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण और प्रबंधन प्राधिकरण ने कहा कि काली गंडकी नदी से सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। नारायणी और टिनौ नदियों के कारण भी बाढ़, कटाव और जलभराव की स्थिति बनी हुई है।
747 परिवार सीधे प्रभावित
बाढ़ और भूस्खलन से 747 परिवार सीधे तौर पर प्रभावित हुए हैं। अधिकारियों के अनुसार, 143 घर पूरी तरह नष्ट हो गए हैं, जबकि 51 घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। गंडकी प्रांत में 195 घर पूरी तरह और 26 घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। इसके अलावा 270 अन्य घर खतरे की जद में हैं। कुल 435 परिवारों के लगभग 1,500 लोग विस्थापित हुए हैं।
पर्वत जिले में सबसे ज्यादा नुकसान
गंडकी प्रांत के 11 जिलों में पर्वत जिले में सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। यहां कम से कम 106 घर पूरी तरह नष्ट और चार घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। इससे 162 परिवारों के 540 लोगों को अपना घर छोड़ना पड़ा है।
- यह भी पढ़ें- Anushka ने प्यूमा पर लगाया बिना परमिशन फोटो इस्तेमाल करने का आरोप
- हमारे फ़ैज़ी वेबसाइट से जुड़ने के लिए क्लिक करें





