इंदौर के व्यापारी राजा रघुवंशी की सनसनीखेज हत्या की कहानी अब बड़े पर्दे पर दिखाई जाएगी। सोमवार को उनके परिवार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस बात की पुष्टि की। इस प्रस्तावित फीचर फिल्म का नाम ‘हनीमून इन शिलांग’ रखा गया है, जो राजा की पत्नी सोनम द्वारा की गई हत्या की साजिश पर आधारित होगी।
फिल्म में राजा की शादी से लेकर मेघालय के सोहरा (चेरापूंजी) में उनकी हत्या तक की घटनाएं दिखाई जाएंगी। राजा के भाई विपिन रघुवंशी ने मंगलवार को फिल्म का पोस्टर जारी किया और कहा कि इसका उद्देश्य राजा की मौत की सच्चाई को सामने लाना है।
निर्देशक बोले – यह सच्चाई दिखाने की कोशिश है
फिल्म का निर्देशन एसपी निम्बावत करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि फिल्म सोनम या उसके परिवार को लक्ष्य करने के लिए नहीं, बल्कि घटना की हकीकत उजागर करने के लिए बनाई जा रही है। उन्होंने बताया कि फिलहाल परिवार ने ही फिल्म निर्माण की मंज़ूरी दी है और कलाकारों के चयन के लिए टीम मुंबई जाएगी। एक बॉलीवुड स्टार फिल्म में अहम भूमिका निभा सकता है।
क्या था मामला?
मई में राजा अपनी पत्नी सोनम के साथ हनीमून पर मेघालय गए थे। कुछ ही दिन बाद राजा लापता हो गए और 2 जून को उनका शव एक गहरी खाई से बरामद हुआ। पुलिस ने सोनम समेत आठ आरोपियों को गिरफ़्तार किया, जिनमें से तीन को जमानत मिल चुकी है।
राजा के भाई विपिन का दावा है कि हत्या में 5 से अधिक लोग शामिल थे। उनका आरोप है कि सोनम ने पुलिस को गुमराह किया और हत्या के बाद वह अपने प्रेमी राज कुशवाहा के लगातार संपर्क में थी। विपिन ने यह भी कहा कि अगर सोनम की पृष्ठभूमि पहले से स्पष्ट होती, तो यह त्रासदी टाली जा सकती थी।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस
