शुक्रवार (7 नवंबर) की सुबह दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI Airport) पर एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) सिस्टम में तकनीकी खराबी देखी गई। इस गड़बड़ी के कारण उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ और यात्रियों को लंबे इंतजार का सामना करना पड़ा। एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, तकनीकी खराबी की वजह से करीब 200 उड़ानें देरी से रवाना हुईं, जबकि कुछ उड़ानों का शेड्यूल पूरी तरह बदलना पड़ा।
यात्रियों को रनवे और बोर्डिंग गेट्स पर इंतजार
तकनीकी दिक्कत के चलते एयरपोर्ट पर अफरातफरी का माहौल देखने को मिला। कई यात्रियों को रनवे और बोर्डिंग गेट्स पर घंटों इंतजार करना पड़ा। एयरलाइंस ने बताया कि एयर ट्रैफिक कंजेशन और ATC सिस्टम की खराबी की वजह से सभी उड़ानों की टाइमिंग प्रभावित हुई है।
कुछ दिनों पहले भी आई थी तकनीकी गड़बड़ी
यह घटना इसलिए भी गंभीर मानी जा रही है क्योंकि बीते कुछ दिनों में यह दूसरी बार है जब दिल्ली एयरपोर्ट को ऐसी समस्या का सामना करना पड़ा। इसी सप्ताह की शुरुआत में चेक-इन सिस्टम में खराबी के कारण कई उड़ानें देरी से चली थीं। उस समय एयरपोर्ट प्रबंधन ने बताया था कि सभी एजेंसियों के साथ मिलकर सामान्य संचालन बहाल करने की कोशिश की जा रही है।
एयरपोर्ट और एयरलाइंस की प्रतिक्रिया
दिल्ली एयरपोर्ट ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर बताया कि एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम में अस्थायी तकनीकी खराबी आई है, जिसे दूर करने पर काम जारी है। वहीं, स्पाइसजेट ने अपने आधिकारिक हैंडल पर यात्रियों से कहा कि वे spicejet.com/#status पर जाकर अपनी उड़ान की स्थिति जांचते रहें, क्योंकि दिल्ली ATC में खराबी के चलते सभी आगमन और प्रस्थान उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं।
यह भी पढ़ें- Anushka ने प्यूमा पर लगाया बिना परमिशन फोटो इस्तेमाल करने का आरोप
हमारे फ़ैज़ी वेबसाइट से जुड़ने के लिए क्लिक करें
