दिल्ली के लाल किले के पास हुए कार ब्लास्ट मामले में जांच एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। गिरफ्तार आरोपी मुजम्मिल शकील गनई से पूछताछ में पता चला है कि उसने विस्फोटक तैयार करने के लिए आमतौर पर इस्तेमाल होने वाली आटा चक्की और इलेक्ट्रिकल मशीनों का उपयोग किया था। NIA और पुलिस की संयुक्त टीम ने हरियाणा के फरीदाबाद में एक टैक्सी ड्राइवर के घर से ये उपकरण बरामद किए हैं।
यूरिया पीसकर तैयार करता था अमोनियम नाइट्रेट
जम्मू-कश्मीर के पुलवामा का रहने वाला गनई फरीदाबाद में किराए के कमरे में रहकर आटा चक्की की मदद से यूरिया को पीसता था। इसके बाद वह इलेक्ट्रिकल मशीनों से उसे रिफाइन कर अमोनियम नाइट्रेट आधारित विस्फोटक तैयार करता था। 9 नवंबर को पुलिस ने इसी स्थान से 360 किलो अमोनियम नाइट्रेट और बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की थी। पूछताछ में गनई ने स्वीकार किया कि वह लंबे समय से इसी तकनीक से विस्फोटक तैयार कर रहा था। वह फरीदाबाद स्थित अल-फलाह यूनिवर्सिटी में डॉक्टर के रूप में कार्यरत था।
टैक्सी ड्राइवर भी हिरासत में, NIA कर रही पूछताछ
NIA ने उस टैक्सी ड्राइवर को भी हिरासत में लिया है जिसके घर से आटा चक्की और मशीनें मिलीं। ड्राइवर ने बताया कि उसकी गनई से मुलाकात करीब चार साल पहले हुई थी जब वह अपने बेटे के इलाज के लिए अल-फलाह मेडिकल कॉलेज गया था। एजेंसियां अब यह पता लगा रही हैं कि ड्राइवर को गतिविधियों की जानकारी थी या वह अनजाने में शामिल हुआ।
हमले में 15 लोगों की मौत, आत्मघाती हमलावर डॉक्टर निकला
लाल किले के पास हुंडई i20 कार में हुए आत्मघाती धमाके में 15 लोगों की मौत हुई थी। हमलावर उमर उन नबी, जो स्वयं कश्मीर का रहने वाला और पेशे से डॉक्टर था, हमले में मारा गया। उमर भी अल-फलाह यूनिवर्सिटी से जुड़ा हुआ था, जिससे दोनों आरोपियों के बीच संबंध और गहरा हो गया है।
हमले से पहले ही कश्मीर पुलिस ने किया था मॉड्यूल का भंडाफोड़
ब्लास्ट से कुछ घंटे पहले ही जम्मू-कश्मीर पुलिस ने पाकिस्तान समर्थित जैश-ए-मोहम्मद और अल-कायदा से जुड़े संगठन अंसार गज़वत-उल-हिंद के एक बड़े ‘व्हाइट कॉलर’ मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया था। इस दौरान 2,900 किलो विस्फोटक सामग्री जब्त की गई थी, जिसमें अमोनियम नाइट्रेट भी शामिल था। माना जा रहा है कि यही सामग्री दिल्ली ब्लास्ट में इस्तेमाल की गई।
यह भी पढ़ें- Anushka ने प्यूमा पर लगाया बिना परमिशन फोटो इस्तेमाल करने का आरोप
हमारे फ़ैज़ी वेबसाइट से जुड़ने के लिए क्लिक करें
