हरियाणा के जींद में शनिवार रात करीब 11 बजे रोहतक रोड पर बड़ा हादसा हो गया। HP गैस बॉटलिंग प्लांट से कुछ दूरी पर खड़े एलपीजी गैस से भरे कैप्सूल ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा ट्रक जलकर खाक हो गया।
हालांकि, राहत की बात यह रही कि ट्रक का टैंकर नहीं फटा और पास में मौजूद इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप तक आग की लपटें नहीं पहुंचीं। यदि टैंकर फट जाता या पेट्रोल पंप आग की चपेट में आ जाता, तो बड़ा हादसा हो सकता था।
आग लगने से आसपास के गांवों में फैली दहशत
हादसे की खबर फैलते ही आसपास के गांवों में दहशत का माहौल बन गया। एक ग्रामीण के मुताबिक, आग लगने के बाद लोग अपने बच्चों को लेकर दूसरे गांवों की ओर भागने लगे। मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर शांत करने की कोशिश की।
10 से ज्यादा दमकल गाड़ियों ने बुझाई आग
सूचना मिलते ही स्थानीय दमकल विभाग और पुलिस की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। जींद CRSU यूनिवर्सिटी चौकी इंचार्ज कृष्ण कुमार ने बताया कि आग बेहद भयानक थी। इसे बुझाने के लिए जींद सहित आसपास के जिलों से 10 से ज्यादा दमकल गाड़ियां बुलानी पड़ीं।
दमकल कर्मचारियों ने करीब दो से तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। एहतियात के तौर पर जींद के आसपास के गांवों में भी 15 से 20 दमकल गाड़ियां तैनात की गई थीं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।
गैस चोरी की कोशिश के दौरान आग लगने की आशंका
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, देर रात कुछ लोग टैंकर से अवैध रूप से गैस चोरी करने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान आग भड़कने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चला है और मामले की जांच जारी है। हादसे में अब तक किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है।
यह भी पढ़ें- Anushka ने प्यूमा पर लगाया बिना परमिशन फोटो इस्तेमाल करने का आरोप
हमारे फेसबुक व वेबसाइट से जुड़ने के लिए क्लिक करे













