प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बिहार के वैशाली जिले में ‘नीतीश सेतु’ का उद्घाटन किया। इस अवसर पर बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त), केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे। गंगा नदी पर निर्मित यह पुल बिहार के सड़क संपर्क को मजबूत करने वाली महत्वपूर्ण परियोजना है।
4,280 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुआ पुल
नीतीश सेतु एक एक्स्ट्राडोज्ड केबल-स्टेयड पुल है, जिसे लगभग 4,280 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है। 19.7 किलोमीटर लंबी इस परियोजना के तहत 9.7 किलोमीटर का मुख्य पुल और 10 किलोमीटर लंबी एप्रोच सड़कें बनाई गई हैं। यह पटना जिले में NH-22 पर स्थित कच्ची दरगाह को वैशाली जिले में NH-322 पर स्थित बिदूपुर से जोड़ता है।
महात्मा गांधी सेतु और जेपी सेतु पर घटेगा दबाव
इस पुल के शुरू होने से गंगा नदी पार करने के लिए लोगों को एक अतिरिक्त मार्ग मिलेगा। इससे मौजूदा महात्मा गांधी सेतु और जेपी सेतु पर यातायात का दबाव कम करने में मदद मिलेगी। साथ ही, उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच यात्रा का समय घटने की उम्मीद है। बेहतर संपर्क व्यवस्था से राघोपुर दियारा के निवासियों को भी विशेष लाभ मिलेगा। उनके लिए पटना पहुंचना आसान होगा और स्वास्थ्य सेवा तथा शिक्षा जैसी जरूरी सुविधाओं तक पहुंच बेहतर हो सकेगी।
कृषि और व्यापार को भी मिलेगा बढ़ावा
नीतीश सेतु से कृषि उत्पादों और औद्योगिक सामानों के परिवहन में आसानी होने की उम्मीद है। इससे उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने में सुविधा होगी और क्षेत्र में व्यापार-वाणिज्य को बढ़ावा मिलेगा। बेहतर परिवहन व्यवस्था से पूरे क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को गति मिलने के साथ बिहार के आर्थिक विकास में भी योगदान मिलने की संभावना है।












