आईपीएल 2026 के लिए दुबई के एतिहाद एरीना में आयोजित मिनी ऑक्शन में चेन्नई सुपर किंग्स ने युवा खिलाड़ियों पर जमकर भरोसा जताया। इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश के 20 वर्षीय ऑलराउंडर प्रशांत वीर पर CSK ने 14.2 करोड़ रुपये की बड़ी बोली लगाकर सभी को चौंका दिया।
विजय हजारे ट्रॉफी में UP के लिए लिस्ट ए डेब्यू
आईपीएल ऑक्शन के बाद अब प्रशांत वीर ने घरेलू क्रिकेट में भी अपनी धमाकेदार एंट्री दर्ज करा दी है। विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 के पहले ही दिन उन्होंने उत्तर प्रदेश के लिए लिस्ट ए क्रिकेट में डेब्यू किया।
राजकोट के निरंजन शाह स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में उत्तर प्रदेश का सामना हैदराबाद से हुआ। पहले बल्लेबाजी करते हुए UP ने 50 ओवर में 5 विकेट खोकर 324 रन बनाए।
बल्लेबाजी में छोटा लेकिन असरदार योगदान
छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे प्रशांत वीर को ज्यादा गेंदें खेलने का मौका नहीं मिला। उन्होंने सिर्फ 4 गेंदों में 7 रन बनाए, जिसमें एक आकर्षक चौका शामिल रहा। हालांकि उनकी असली चमक अभी बाकी थी।
324 रनों के लक्ष्य का बचाव करते हुए प्रशांत वीर ने अपनी गेंदबाजी से मैच का रुख पूरी तरह पलट दिया। उन्होंने 10 ओवर में सिर्फ 47 रन देकर 3 विकेट झटके।
प्रशांत वीर ने एलगनी वरुण गौड, प्रग्नाय रेड्डी और नितिन साई यादव को पवेलियन भेजा। उनकी घातक गेंदबाजी के सामने हैदराबाद की टीम 43 ओवर में 240 रन पर ऑलआउट हो गई।
UP की शानदार जीत, प्रशांत वीर बने हीरो
उत्तर प्रदेश ने यह मुकाबला 84 रनों से जीत लिया। डेब्यू मैच में ही प्रशांत वीर का यह प्रदर्शन बताता है कि CSK ने IPL 2026 ऑक्शन में क्यों उन पर इतना बड़ा भरोसा दिखाया।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस


