नया साल आने ही वाला है और देशभर में लोग जश्न की तैयारियों में जुटे हैं. इसी मौके का फायदा उठाकर साइबर ठग पूरी तरह एक्टिव मोड में आ गए हैं. WhatsApp पर भेजे जा रहे Happy New Year 2026 और न्यू ईयर गिफ्ट वाले मैसेज इन दिनों बड़ा डिजिटल खतरा बन चुके हैं. ये मैसेज जितने आकर्षक दिखते हैं, उतने ही खतरनाक भी साबित हो सकते हैं. साइबर एक्सपर्ट्स के मुताबिक, एक गलत क्लिक मोबाइल से लेकर बैंक अकाउंट तक खाली कर सकता है.
कैसे शुरू होता है न्यू ईयर WhatsApp स्कैम?
यह स्कैम आमतौर पर एक बेहद सामान्य WhatsApp मैसेज से शुरू होता है. मैसेज में लिखा होता है – Happy New Year 2026 और साथ में एक लिंक या अटैचमेंट भेजा जाता है. दावा किया जाता है कि इसमें खास ग्रीटिंग कार्ड, वीडियो या गिफ्ट मौजूद है. कई बार यह मैसेज अनजान नंबर से आता है, लेकिन कई मामलों में यह आपके किसी दोस्त या रिश्तेदार के नंबर से आता हुआ दिखता है, जिससे लोग बिना सोचे-समझे क्लिक कर देते हैं.
APK फाइल बनती है सबसे बड़ा हथियार
जैसे ही यूजर लिंक पर क्लिक करता है, वह एक रंगीन फेस्टिव वेब पेज पर पहुंचता है. इसके बाद पूरी ग्रीटिंग देखने के लिए एक ऐप डाउनलोड करने को कहा जाता है. यह ऐप Google Play Store पर उपलब्ध नहीं होता, बल्कि APK फाइल के रूप में डाउनलोड कराया जाता है. यही APK फाइल असल में खतरनाक मैलवेयर होती है. इंस्टॉल होते ही यह फोन का पूरा कंट्रोल हैकर्स को दे देती है.
बैंक अकाउंट तक पहुंच बनाता है मैलवेयर
एक्सपर्ट्स के मुताबिक APK इंस्टॉल होने के कुछ ही घंटों में फोन में अजीब गतिविधियां शुरू हो जाती हैं. ऐप्स अपने आप खुलने लगते हैं, कॉन्टैक्ट्स और गैलरी तक बिना अनुमति पहुंच बन जाती है. सबसे खतरनाक स्थिति तब आती है, जब UPI और बैंकिंग ऐप्स से अनधिकृत ट्रांजेक्शन होने लगते हैं. यह मैलवेयर बैकग्राउंड में चुपचाप काम करता है, जिससे यूजर को देर से शक होता है.
पुलिस और साइबर विंग की चेतावनी
पुलिस की साइबर विंग ने न्यू ईयर WhatsApp स्कैम को लेकर अलर्ट जारी किया है. पुलिस के अनुसार, किसी भी अनजान लिंक, APK फाइल या गिफ्ट मैसेज से दूर रहें. कोई भी असली कंपनी या व्यक्ति WhatsApp पर बैंक डिटेल्स या OTP नहीं मांगता. सावधानी ही इस साइबर जाल से बचने का सबसे बड़ा हथियार है.
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस
