नई दिल्ली। भारत की हवाई सुरक्षा को और अधिक मजबूत करने की दिशा में रूस ने एक अहम प्रस्ताव दिया है। रूस की सरकारी रक्षा कंपनी रोस्टेक ने भारत को आधुनिक S-350 वित्याज एयर डिफेंस सिस्टम टेक्नोलॉजी ट्रांसफर (ToT) के साथ ऑफर किया है। यह सिस्टम भारत की मौजूदा S-400 ट्रायम्फ बैटरियों के साथ मिलकर देश की मल्टी-लेयर एयर डिफेंस क्षमता को और सशक्त बनाएगा।
हाई-लेवल बातचीत में S-350 पर जोर
हाल में भारत–रूस के बीच हुई उच्चस्तरीय बैठकों में S-350 के साथ-साथ अतिरिक्त S-400 रेजिमेंट्स और भविष्य के S-500 एयर डिफेंस सिस्टम पर भी चर्चा हुई। हालांकि, रूस फिलहाल S-350 को एक तुरंत उपलब्ध और व्यावहारिक विकल्प के रूप में आगे बढ़ा रहा है। भारत पहले ही S-400 की तीन स्क्वॉड्रन को ऑपरेशनल कर चुका है, जबकि दो और स्क्वॉड्रन की तैनाती प्रक्रिया में हैं।
क्या है S-350 वित्याज एयर डिफेंस सिस्टम
S-350 वित्याज (S-350E) रूस का आधुनिक मीडियम रेंज सतह से हवा में मार करने वाला मिसाइल सिस्टम है। इसे पुराने S-300PS सिस्टम की जगह लेने के लिए विकसित किया गया है। यह सिस्टम लड़ाकू विमान, हेलिकॉप्टर, ड्रोन, क्रूज मिसाइल और स्टेल्थ टारगेट्स को इंटरसेप्ट करने में सक्षम है।
तकनीकी खूबियां
S-350 की रेंज एरोडायनामिक टारगेट्स के लिए करीब 120 किलोमीटर और बैलिस्टिक मिसाइलों के लिए 25–30 किलोमीटर तक है। यह 20 से 30 किलोमीटर की ऊंचाई तक लक्ष्य को भेद सकता है। इसमें 9M96E, 9M96E2 और 9M100 मिसाइलों का इस्तेमाल होता है। एक लॉन्चर में 12 मिसाइलें तैनात की जा सकती हैं और यह सिस्टम एक साथ कई टारगेट्स को ट्रैक कर नष्ट करने की क्षमता रखता है। इसका AESA रडार कम ऊंचाई पर उड़ने वाले खतरों को भी पकड़ सकता है।
चीन और पाकिस्तान के खिलाफ अहम भूमिका
S-350 सिस्टम पाकिस्तान के JF-17, J-10 फाइटर जेट्स और बाबर क्रूज मिसाइलों के खिलाफ प्रभावी साबित हो सकता है। वहीं, चीन के J-20 स्टेल्थ फाइटर, ड्रोन और हाइपरसोनिक हथियारों से निपटने में यह लद्दाख और अरुणाचल जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा देगा।
स्वदेशी रक्षा उद्योग को मिलेगा फायदा
अगर यह सौदा फाइनल होता है, तो ToT के तहत भारत में इसके कुछ हिस्सों का निर्माण और रखरखाव किया जा सकेगा। इससे मेक इन इंडिया को बढ़ावा मिलेगा और स्वदेशी रक्षा उद्योग को मजबूती मिलेगी।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस


