टी20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में नया विवाद खड़ा हो गया है। पाकिस्तान एक बार फिर खुले तौर पर बांग्लादेश के समर्थन में उतर आया है। इससे पहले राशिद लतीफ और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के पूर्व चेयरमैन नजम सेठी ICC और BCCI की आलोचना कर चुके हैं। अब इस विवाद में पूर्व पाकिस्तानी कप्तान शाहिद अफरीदी की एंट्री हो चुकी है।
शाहिद अफरीदी ने ICC की निष्पक्षता पर उठाए सवाल
शाहिद अफरीदी ने सोशल मीडिया पर बयान जारी करते हुए ICC पर पक्षपात का आरोप लगाया। उन्होंने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का उदाहरण देते हुए कहा कि जब भारत ने सुरक्षा कारणों से पाकिस्तान जाकर खेलने से इनकार किया था, तब ICC ने बिना देरी उस मांग को स्वीकार कर लिया था।
भारत और बांग्लादेश के मामलों में अलग रवैया?
अफरीदी का कहना है कि बांग्लादेश के साथ वही रवैया नहीं अपनाया गया। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश की वेन्यू बदलने की मांग को ICC ने नजरअंदाज किया, जबकि परिस्थितियां गंभीर थीं। अफरीदी ने इसे ICC की “अस्थिर नीति” करार दिया।
अफरीदी बोले- निष्पक्षता ICC की बुनियाद
शाहिद अफरीदी ने कहा, “एक ऐसा खिलाड़ी जिसने बांग्लादेश और ICC इवेंट्स में खेला है, मैं इस फैसले से बेहद निराश हूं। ICC की बुनियाद निष्पक्षता और निरंतरता पर टिकी है, लेकिन यहां दोनों की कमी नजर आ रही है।”
उन्होंने यह भी जोड़ा कि बांग्लादेशी खिलाड़ी और उनके फैंस सम्मान के हकदार हैं।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर हुआ बांग्लादेश
ICC ने कड़ा फैसला लेते हुए बांग्लादेश को टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर कर दिया है। ग्रुप C में उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया गया। इस फैसले से पहले ICC बोर्ड मीटिंग में 14-2 के बहुमत से बांग्लादेश की मांग खारिज कर दी गई थी।
DRC ने भी सुनवाई से किया इनकार
बांग्लादेश ने डिसप्यूट रेजोल्यूशन कमिटी (DRC) से हस्तक्षेप की मांग की थी, लेकिन ICC प्रोटोकॉल का हवाला देते हुए DRC ने मामले की सुनवाई से इनकार कर दिया। इसके बाद विवाद और गहरा गया।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस



