उत्तर प्रदेश के वाराणसी में गंगा नदी के बीच नाव पर इफ्तार पार्टी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में नाराज़गी बढ़ी, जिसके चलते पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 14 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
शिकायत के बाद दर्ज हुआ मामला
इस पूरे मामले में रजत जायसवाल की शिकायत पर कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस के मुताबिक, पहचान किए गए सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है और उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में कानूनी कार्रवाई जारी है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
एसीपी विजय प्रताप सिंह के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि इंस्टाग्राम समेत अन्य प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें कुछ लोग गंगा किनारे नाव पर इफ्तार करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में चिकन बिरयानी का इस्तेमाल किया गया और आरोप है कि बचा हुआ खाना नदी में फेंका गया।
गंगा की पवित्रता से जुड़ा विवाद
पुलिस के अनुसार, यह समूह रोज़ा खोलने के लिए नाव पर एकत्र हुआ था। विवाद तब बढ़ा जब वीडियो में कथित तौर पर लोगों को खाना खाने के बाद बचा हुआ कचरा और हड्डियां गंगा में फेंकते देखा गया। इस घटना को लेकर गंगा की पवित्रता और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप लगाए गए।
जांच जारी, अन्य की तलाश
अधिकारियों ने बताया कि 14 नामजद आरोपियों के अलावा कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल सभी गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस आगे की जांच में जुटी है।
इसे भी पढे: देहरादून में फिर से एक बड़ा हादसा होने से टला, लड़की को आई करछी से चोट
हमारे फेबुकपेज से जुडने के लिए क्लिक करें



