ईरान और इजरायल के बीच जारी तनाव अब और गंभीर होता नजर आ रहा है। एक इजरायली अधिकारी के हवाले से खबर है कि ईरान के प्रमुख नौसैनिक कमांडर अलीरेजा तंगसिरी की दक्षिणी ईरान में हुए हमले में मौत हो गई है। इस घटना ने मिडिल ईस्ट की स्थिति को और संवेदनशील बना दिया है।
बंदर अब्बास में हुआ हमला, बड़ा रणनीतिक नुकसान
बताया जा रहा है कि इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के नौसैनिक विंग के प्रमुख तंगसिरी की मौत पोर्ट सिटी बंदर अब्बास में हुए हमले में हुई। वे होर्मुज स्ट्रेट की निगरानी के अहम जिम्मेदार अधिकारी थे।
यह जलमार्ग वैश्विक तेल और गैस सप्लाई के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है, जहां किसी भी अस्थिरता का असर पूरी दुनिया पर पड़ सकता है।
ईरान की सैन्य क्षमता पर असर संभव
अगर इस हमले की आधिकारिक पुष्टि होती है, तो इसे ईरान की सैन्य नेतृत्व के लिए बड़ा झटका माना जाएगा। खासतौर पर नौसेना की रणनीतिक स्थिति पर इसका असर पड़ सकता है, जिससे फारस की खाड़ी में संतुलन बदलने की आशंका है।
कौन थे अलीरेजा तंगसिरी?
अलीरेजा तंगसिरी का जन्म ईरान के बुशेहर प्रांत में हुआ था। उन्होंने ईरान-इराक युद्ध और 1980 के दशक के “टैंकर वॉर” के दौरान अहम भूमिका निभाई थी। वे IRGC नौसेना में लंबे समय तक सेवा देने के बाद शीर्ष पद तक पहुंचे। बंदर अब्बास में पहले जिला कमांडर और बाद में डिप्टी कमांडर रहने के बाद उन्हें नौसेना प्रमुख बनाया गया था।
युद्ध में लगातार बढ़ रही हताहतों की संख्या
28 फरवरी से शुरू हुए इस संघर्ष के बाद कई वरिष्ठ ईरानी अधिकारियों की मौत की खबरें सामने आ चुकी हैं। उसी दिन अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर संयुक्त हमले शुरू किए गए थे, जिसके बाद हालात लगातार बिगड़ते गए।
खामेनेई और लारिजानी को लेकर भी दावे
संघर्ष के शुरुआती चरण में ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई के मारे जाने का दावा भी किया गया था, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हो सकी। इसके अलावा 17 मार्च को वरिष्ठ नेता अली लारिजानी की तेहरान के बाहरी इलाके में हमले में मौत की खबर सामने आई थी। इस हमले में उनके परिवार के सदस्य भी प्रभावित हुए थे।
प्रवक्ता नैनी भी हमले में मारे गए
रिपोर्ट्स के मुताबिक, रिवोल्यूशनरी गार्ड के प्रवक्ता अली मोहम्मद नैनी भी हाल ही में अमेरिका-इजरायल के संयुक्त हमले में मारे गए। दिलचस्प बात यह है कि उन्होंने अपनी मौत से कुछ घंटे पहले ही टीवी पर आकर ईरान की मिसाइल क्षमता को पूरी तरह सुरक्षित बताया था।
ईरान-इजरायल के बीच जारी यह संघर्ष अब व्यापक क्षेत्रीय संकट में बदलता दिख रहा है। तंगसिरी की मौत की खबर अगर सही साबित होती है, तो इसका असर न सिर्फ ईरान की सैन्य रणनीति पर बल्कि वैश्विक ऊर्जा बाजार पर भी पड़ सकता है।
यह भी पढ़ें- Anushka ने प्यूमा पर लगाया बिना परमिशन फोटो इस्तेमाल करने का आरोप



