बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। सम्राट चौधरी ने राज्य के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण कर ली है। इसके साथ ही वह बिहार में भारतीय जनता पार्टी के पहले मुख्यमंत्री बन गए हैं। राज्यपाल अता हसनैन ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद बना नया राजनीतिक समीकरण
पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद राज्य में नई सरकार के गठन का रास्ता साफ हुआ। उन्होंने अपने इस्तीफे के बाद कहा कि उन्होंने राज्य के विकास के लिए लगातार काम किया और अब नई सरकार को पूरा सहयोग देंगे।
जेडीयू के दो उपमुख्यमंत्री, NDA का संतुलन कायम
नई सरकार में जनता दल यूनाइटेड (JDU) की अहम भूमिका भी देखने को मिली। पार्टी के वरिष्ठ नेता बिजेंद्र यादव और विजय कुमार चौधरी ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इससे NDA गठबंधन के भीतर संतुलन बनाए रखने की कोशिश साफ नजर आती है।
बीजेपी विधायक दल का फैसला बना निर्णायक
पिछले कुछ दिनों से बिहार में राजनीतिक हलचल तेज थी। 14 अप्रैल को सम्राट चौधरी को बीजेपी विधायक दल का नेता चुना गया, जिसके बाद उन्होंने सरकार बनाने का दावा पेश किया। एनडीए के पास विधानसभा में 202 विधायकों का समर्थन है, जिससे सरकार मजबूत स्थिति में है।
शपथ से पहले मंदिर में पूजा, फिर संभाली कमान
शपथ ग्रहण से पहले सम्राट चौधरी ने पंचरूप हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद वह शपथ समारोह स्थल पहुंचे, जहां एनडीए के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
बधाइयों का दौर शुरू, नई सरकार से उम्मीदें
सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने के बाद राजनीतिक गलियारों में बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया है। सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ही नई सरकार से विकास और स्थिरता की उम्मीद जता रहे हैं।
यह भी पढ़ें- Anushka ने प्यूमा पर लगाया बिना परमिशन फोटो इस्तेमाल करने का आरोप


