नोएडा के मामूरा गांव में बुधवार को इलेक्ट्रिक स्कूटर की बैटरी चार्ज करते समय लगी आग ने बड़ा हादसा खड़ा कर दिया। आग तेजी से पूरी इमारत में फैल गई, जिससे कई लोग अंदर फंस गए। राहत एवं बचाव अभियान के दौरान अधिकांश लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया, लेकिन दो लोगों की जान नहीं बच सकी।
चार्जिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट से शुरू हुई आग
जानकारी के अनुसार, यह हादसा नोएडा के मामूरा गांव में हुआ, जो सेक्टर-66 और फेज-3 पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि चार्जिंग के दौरान इलेक्ट्रिक स्कूटर की बैटरी में शॉर्ट सर्किट हुआ। इससे निकली चिंगारी ने ग्राउंड फ्लोर पर खड़ी गाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया और देखते ही देखते आग ने पूरी इमारत को घेर लिया।
धुएं के कारण इमारत में फंस गए लोग
आग के साथ उठे घने धुएं ने तेजी से G+4 इमारत की ऊपरी मंजिलों को अपनी चपेट में ले लिया। यह भवन ‘पेइंग गेस्ट’ (PG) के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था, जहां लगभग 50 परिवार रह रहे थे। धुआं फैलने के कारण कई लोग इमारत के भीतर ही फंस गए।
फायर विभाग ने चलाया बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही फायर विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने और आग बुझाने के लिए सात फायर टेंडर, हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म और विशेष बचाव वाहन लगाए गए। दमकल कर्मियों ने सभी फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालते हुए आग पर काबू पा लिया।
पुलिस ने दी हादसे की जानकारी
गौतम बुद्ध नगर पुलिस के जॉइंट कमिश्नर राजीव नारायण ने बताया कि इमारत में पार्किंग ग्राउंड फ्लोर पर बनी हुई थी, बेसमेंट में नहीं। पार्किंग क्षेत्र से उठा धुआं तेजी से ऊपरी मंजिलों तक पहुंच गया, जिससे वहां रहने वाले लोग प्रभावित हुए।
उन्होंने बताया कि फेज-3 थाना क्षेत्र के मामूरा गांव में आग लगने की सूचना मिलते ही फायर सर्विस ने तुरंत कार्रवाई की और करीब 50 परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, धुएं की चपेट में आने से दो लोगों की हालत गंभीर हो गई, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में उनकी मौत हो गई।
यह भी पढ़ें- Anushka ने प्यूमा पर लगाया बिना परमिशन फोटो इस्तेमाल करने का आरोप
हमारे फ़ैज़ी वेबसाइट से जुड़ने के लिए क्लिक करें

