HomeNationalपुंछ में अचानक आई बाढ़ बनी काल, कई मौतों से पूरे इलाके...

पुंछ में अचानक आई बाढ़ बनी काल, कई मौतों से पूरे इलाके में मचा हड़कंप

 

जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही भारी बारिश ने कई इलाकों में हालात बेहद गंभीर बना दिए हैं। पुंछ जिला सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में शामिल है, जहां अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन से बड़े पैमाने पर जान-माल का नुकसान हुआ है। प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा है, जबकि प्रभावित इलाकों पर लगातार नजर रखी जा रही है।

पुंछ में बाढ़ से मची भारी तबाही

पुंछ जिले में पुलस्त्य नदी में अचानक आई बाढ़ ने भारी नुकसान पहुंचाया। बाढ़ के तेज बहाव में दो दुकानें, एक आटा चक्की और वाहनों का सर्विस स्टेशन बह गया, जिससे कई वाहन भी पानी की चपेट में आ गए।

सुरनकोट तहसील के संगलेयानी गांव में एक मकान ढह जाने से 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के समय मकान के भीतर मौजूद आठ लोग उसमें फंस गए, जिन्हें निकालने के लिए बचाव अभियान चलाया गया।

शुरुआती रिपोर्ट में 10 मौतों की पुष्टि

भारी बारिश, अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन के कारण पुंछ जिले में व्यापक तबाही हुई है। शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार अब तक 10 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। इनमें सुरनकोट क्षेत्र में 9 लोगों की जान गई, जिनमें एक ही परिवार के 6 सदस्य शामिल हैं, जबकि हवेली क्षेत्र में एक व्यक्ति की मौत हुई है।

कई घर क्षतिग्रस्त, राहत अभियान जारी

हवेली इलाके में कम से कम सात मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। वहीं मंडी क्षेत्र से भी संपत्ति को नुकसान पहुंचने की सूचना मिली है। प्रशासन, एसडीआरएफ और अन्य एजेंसियां लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं।

अधिकारियों ने आशंका जताई है कि प्रभावित क्षेत्रों से और जानकारी मिलने के बाद मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। कई लोगों के अब भी मलबे में दबे होने की संभावना जताई जा रही है।

नूना बांडी गांव में भी हादसा

नूना बांडी गांव में एक मकान गिरने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हुए हैं। लगातार हो रही बारिश के कारण जिले में कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ है, जिससे अधिकांश सड़क मार्ग बंद हो गए हैं और आवागमन प्रभावित हुआ है।

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने जताया दुख

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने पुंछ में अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन से हुई जान-माल की हानि पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता के निर्देश

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासन, एसडीआरएफ, पुलिस और अन्य एजेंसियां प्रभावित इलाकों में राहत एवं बचाव अभियान चला रही हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाए।

मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए उमर अब्दुल्ला ने कहा कि वह स्थिति का व्यक्तिगत रूप से जायजा लेने के लिए दिल्ली से जम्मू लौटेंगे। साथ ही राहत कार्यों के बेहतर समन्वय के लिए स्थानीय विधायकों के साथ लगातार संपर्क बनाए हुए हैं।

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने लिया हालात का जायजा

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत कर राजौरी और पुंछ में लगातार बारिश तथा अचानक आई बाढ़ की स्थिति की समीक्षा की है।

उन्होंने कहा कि राजौरी में सिविल प्रशासन, पुलिस, सेना, एसडीआरएफ और स्थानीय स्वयंसेवक राहत एवं बचाव कार्य में सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।

हाई अलर्ट पर सभी विभाग

मनोज सिन्हा ने बताया कि प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है। सभी विभाग हाई अलर्ट पर हैं और राहत एवं मरम्मत कार्य को प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है।

उन्होंने लोगों से शांत रहने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की। साथ ही राजौरी और पुंछ के हवेली तथा सुरनकोट क्षेत्रों में हुई जान-माल की क्षति पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की।

अधिकारियों को दिए विशेष निर्देश

उपराज्यपाल ने कहा कि भारी बारिश से राजौरी और पुंछ में कई मकानों को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि दोनों जिलों के सभी प्रभावित परिवारों तक तुरंत सहायता पहुंचाई जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि आपातकालीन टीमें किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहें।


यह भी पढ़ें- Anushka ने प्यूमा पर लगाया बिना परमिशन फोटो इस्तेमाल करने का आरोप

हमारे फ़ैज़ी वेबसाइट से जुड़ने के लिए क्लिक करें

RELATED ARTICLES
-Advertisement-
-Advertisement-
-Advertisement-
-Advertisement-
-Advertisement-
-Advertisement-
-Advertisement-
-Advertisement-

Most Popular

About Khabar Sansar

Khabar Sansar (Khabarsansar) is Uttarakhand No.1 Hindi News Portal. We publish Local and State News, National News, World News & more from all over the strength.