IPL 2026 के प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी मुंबई इंडियंस अब अपने बचे हुए मुकाबलों में सम्मान बचाने के इरादे से उतरेगी। हालांकि टीम के प्रदर्शन से ज्यादा इस समय कप्तान Hardik Pandya चर्चा में बने हुए हैं। पिछले दो मैचों से बाहर चल रहे हार्दिक की वापसी को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं।
इसी बीच उनकी फिटनेस और अगले मुकाबले में खेलने को लेकर नई जानकारी सामने आई है। मुंबई इंडियंस का अगला मैच 14 मई को Punjab Kings के खिलाफ धर्मशाला में खेला जाना है।
बैक स्पाज्म की वजह से टीम से बाहर हैं हार्दिक
रिपोर्ट्स के मुताबिक हार्दिक पांड्या कमर की मांसपेशियों में दर्द यानी बैक स्पाज्म से जूझ रहे हैं। इसी कारण वह मुंबई इंडियंस की प्लेइंग इलेवन से बाहर चल रहे हैं। मुंबई इंडियंस की टीम मंगलवार को धर्मशाला पहुंच चुकी है, लेकिन हार्दिक पांड्या और Suryakumar Yadav टीम के साथ ट्रैवल करते नजर नहीं आए। बताया जा रहा है कि सूर्यकुमार यादव हाल ही में पिता बने हैं और फिलहाल परिवार के साथ समय बिता रहे हैं। वहीं हार्दिक की उपलब्धता को लेकर अब भी स्थिति पूरी तरह साफ नहीं हो पाई है।
मुंबई में शुरू किया अभ्यास, वापसी के संकेत
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार हार्दिक पांड्या ने मुंबई में रहकर ट्रेनिंग शुरू कर दी है। उन्होंने रिलायंस कॉर्पोरेट पार्क में करीब तीन घंटे तक नेट्स में अभ्यास किया। उनके अभ्यास में लौटने को फिटनेस रिकवरी का बड़ा संकेत माना जा रहा है। हालांकि रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबले में वह शायद टीम का हिस्सा न बनें।
मुंबई इंडियंस के पास बचे हैं तीन मुकाबले
Mumbai Indians की टीम इस सीजन प्लेऑफ की दौड़ से पहले ही बाहर हो चुकी है। अब टीम के पास लीग स्टेज में सिर्फ तीन मैच बचे हैं। मुंबई इंडियंस अपने बाकी मुकाबले जीतकर टूर्नामेंट का सकारात्मक अंत करना चाहेगी। टीम को अभी पंजाब किंग्स, Kolkata Knight Riders और Rajasthan Royals के खिलाफ एक-एक मुकाबला खेलना है।
क्या पंजाब के खिलाफ खेलेंगे हार्दिक?
फिलहाल हार्दिक पांड्या की फिटनेस पर टीम मैनेजमेंट लगातार नजर बनाए हुए है। नेट्स में वापसी से उम्मीद जरूर बढ़ी है, लेकिन पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच में उनका खेलना अब भी तय नहीं माना जा रहा। अगर हार्दिक इस मैच से भी बाहर रहते हैं, तो मुंबई इंडियंस को एक बार फिर बिना नियमित कप्तान के मैदान में उतरना पड़ सकता है।
यह भी पढ़ें- Anushka ने प्यूमा पर लगाया बिना परमिशन फोटो इस्तेमाल करने का आरोप
हमारे फ़ैज़ी वेबसाइट से जुड़ने के लिए क्लिक करें



