आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई को लेकर अब केवल टेक कंपनियां और रिसर्च संस्थान ही नहीं, बल्कि सरकारें भी गंभीर होती जा रही हैं। यूनाइटेड किंगडम में अब AI के लिए ‘किल स्विच’ की मांग तेज हो गई है। कुछ सांसदों का मानना है कि अगर भविष्य में AI सिस्टम बेकाबू हो जाएं, तो सरकार के पास उन्हें तुरंत बंद करने का अधिकार होना चाहिए।
सरकार के सामने रखा गया नया प्रस्ताव
यूके की लेबर पार्टी के सांसद Alex Sobel ने 11 अन्य सांसदों के साथ मिलकर सरकार के सामने एक अहम प्रस्ताव रखा है। इस प्रस्ताव में कहा गया है कि आपातकालीन स्थिति में देश के टेक्नोलॉजी सेक्रेटरी को AI सिस्टम और डेटा सेंटर बंद करने का अधिकार दिया जाए।
प्रस्ताव के मुताबिक, यदि किसी एडवांस्ड AI सिस्टम से इंसानी जीवन, राष्ट्रीय सुरक्षा या जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर को खतरा महसूस होता है, तो सरकार तुरंत कार्रवाई कर सके। इसके तहत कंपनियों को ऐसा मैकेनिज्म तैयार करना होगा, जिससे सरकारी आदेश मिलते ही डेटा सेंटर और AI मॉडल बंद किए जा सकें।
कंपनियों को बनाने होंगे सिक्योर सिस्टम
अगर यह प्रस्ताव कानून का रूप लेता है, तो AI कंपनियों के लिए नए सुरक्षा नियम लागू हो सकते हैं। टेक कंपनियों को सरकार के साथ सुरक्षित कम्युनिकेशन चैनल तैयार करने होंगे, ताकि किसी इमरजेंसी में तेजी से कार्रवाई की जा सके। विशेषज्ञों का मानना है कि तेजी से विकसित हो रही AI टेक्नोलॉजी के बीच सुरक्षा उपायों को मजबूत करना बेहद जरूरी हो गया है।
Donald Trump भी जता चुके हैं चिंता
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति Donald Trump भी AI के खतरे को लेकर चिंता जाहिर कर चुके हैं। उनका कहना है कि AI तकनीक पर नियंत्रण बनाए रखने के लिए ‘किल स्विच’ जैसी व्यवस्था जरूरी हो सकती है। उन्होंने चेतावनी दी थी कि यदि AI डेवलपमेंट पर पर्याप्त निगरानी नहीं रखी गई, तो भविष्य में यह मानवता के लिए बड़ा खतरा बन सकता है।
आखिर क्यों बढ़ रही है एआई को लेकर चिंता?
हाल के महीनों में AI सिस्टम पहले से कहीं ज्यादा एडवांस हो गए हैं। AI कंपनियां ऐसे मॉडल तैयार कर रही हैं, जो जटिल डिजिटल सिस्टम को नियंत्रित करने की क्षमता रखते हैं।
हाल ही में Anthropic ने अपना नया एआई मॉडल Claude Mythos पेश किया था। रिपोर्ट्स के अनुसार, यह मॉडल कई तरह के सॉफ्टवेयर और ऑपरेटिंग सिस्टम को हैक करने की क्षमता रखता है। इसी वजह से कंपनी ने इसे सार्वजनिक रूप से जारी नहीं किया।
वहीं OpenAI ने भी नया एडवांस्ड AI मॉडल लॉन्च किया है। एक्सपर्ट्स का मानना है कि यदि ऐसे शक्तिशाली AI सिस्टम गलत हाथों में पहुंच जाएं, तो साइबर सुरक्षा और वैश्विक सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा पैदा हो सकता है।
AI Regulation पर दुनिया भर में बढ़ी बहस
दुनिया के कई देशों में अब AI रेगुलेशन और सुरक्षा कानूनों को लेकर बहस तेज हो गई है। सरकारें यह सुनिश्चित करना चाहती हैं कि AI तकनीक का इस्तेमाल सुरक्षित और नियंत्रित तरीके से हो, ताकि भविष्य में किसी बड़े खतरे से बचा जा सके।
यह भी पढ़ें- Anushka ने प्यूमा पर लगाया बिना परमिशन फोटो इस्तेमाल करने का आरोप
हमारे फेसबुक पेज से जुड़ने के लिए क्लिक करें


