स्मार्टफोन की बैटरी जल्दी खत्म होने की समस्या से परेशान हैं, तो फोन की नेटवर्क सेटिंग पर भी ध्यान दें। 4G और 5G का इस्तेमाल करने वाले कई यूजर्स के फोन में 2G नेटवर्क की सुविधा भी सक्रिय रहती है। इसकी सेटिंग कई स्मार्टफोन्स में उपलब्ध होती है, लेकिन बहुत से लोग इसके बारे में नहीं जानते। ऐसे में 2G नेटवर्क को बंद करना बैटरी बैकअप बेहतर करने में मददगार हो सकता है।
2G नेटवर्क बंद करने से बैटरी पर क्या असर पड़ेगा?
फोन नेटवर्क की तलाश करने में भी ऊर्जा खर्च करता है। खासकर कमजोर या अस्थिर नेटवर्क वाले क्षेत्रों में फोन लगातार नेटवर्क खोज सकता है। 2G नेटवर्क सक्रिय रहने पर मॉडेम को एक अतिरिक्त नेटवर्क स्कैन करना पड़ सकता है, जिससे बैटरी की खपत बढ़ सकती है।
अगर फोन में 2G नेटवर्क बंद कर दिया जाए, तो वह इस नेटवर्क को अनावश्यक रूप से तलाशने से बच सकता है। इससे बैटरी बैकअप में सुधार महसूस हो सकता है।
Samsung और Google Pixel में ऐसे बंद करें 2G
अगर आपके पास Samsung का स्मार्टफोन है, तो Settings > Connections > Mobile networks पर जाएं। यहां Allow 2G service का विकल्प बंद कर दें।
Google Pixel यूजर्स Network & internet > SIMs पर जाएं। इसके बाद अपना मोबाइल ऑपरेटर चुनें और 2G network protection का विकल्प ऑन कर दें।
दूसरे स्मार्टफोन्स में कैसे बदलें नेटवर्क सेटिंग?
कुछ स्मार्टफोन्स में 2G नेटवर्क बंद करने के लिए अलग से टॉगल नहीं मिलता। ऐसे में Settings > Mobile Network में जाकर संबंधित SIM चुनें। इसके बाद Preferred network type में 4G या 5G का विकल्प चुनें। ऐसा विकल्प चुनने से बचें, जिसमें 2G या 3G भी शामिल हों। सेटिंग बदलने के बाद फोन को रीस्टार्ट कर लें।
2G नेटवर्क बंद करना सुरक्षा के लिहाज से भी अहम
Google के अनुसार, 2G नेटवर्क दशकों पुरानी तकनीक है और इसमें आधुनिक नेटवर्क की तरह म्यूचुअल ऑथेंटिकेशन की सुविधा नहीं होती। ऑनलाइन ठगी करने वाले इसकी सुरक्षा संबंधी खामियों का फायदा उठाकर धोखाधड़ी वाले SMS भेजने की कोशिश कर सकते हैं। 2G नेटवर्क ब्लॉक होने से इस तरह के कुछ हमलों का जोखिम कम हो सकता है।
हालांकि, 2G बंद करने का असर तब पड़ सकता है, जब किसी क्षेत्र में केवल यही नेटवर्क उपलब्ध हो। ऐसी स्थिति में जरूरत पड़ने पर फोन की सेटिंग में जाकर इसे दोबारा चालू किया जा सकता है।
यह भी पढ़ें- Anushka ने प्यूमा पर लगाया बिना परमिशन फोटो इस्तेमाल करने का आरोप






