ईरान और अमेरिका के बीच जारी सीजफायर एक बार फिर टूटने की कगार पर पहुंच गया है। अमेरिकी सेना द्वारा बीते 24 घंटे में ईरान के सैन्य ठिकानों पर दो बार हमले किए जाने के बाद इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने पलटवार का दावा किया है। IRGC के अनुसार, बहरीन से लेकर कुवैत तक मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन से निशाना बनाया गया। साथ ही चेतावनी दी गई कि भविष्य में अमेरिका की किसी भी सैन्य कार्रवाई का कड़ा जवाब दिया जाएगा।
आठ अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमले का दावा
ईरानी नौसेना के बयान के मुताबिक, रविवार तड़के स्थानीय समयानुसार सुबह 2 बजे से 3 बजे के बीच नौसेना और वायुसेना ने संयुक्त अभियान चलाया। इस दौरान कुवैत के अली अल सलेम एयरबेस, बहरीन के पोर्ट सलमान स्थित अमेरिकी पांचवें बेड़े के मुख्यालय समेत कुल आठ अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर बैलिस्टिक मिसाइलें और ड्रोन दागे जाने का दावा किया गया। ईरान का कहना है कि यह कार्रवाई हाल में हुए अमेरिकी हमलों के जवाब में की गई।
IRGC का आरोप- अमेरिका ने तोड़ा समझौता
IRGC ने आरोप लगाया कि अमेरिका ने सीजफायर और समझौतों का उल्लंघन किया है। संगठन का कहना है कि अमेरिकी सेना ने ईरान की पांच तटीय चौकियों पर हमला किया और इसे एक जहाज के खिलाफ कार्रवाई का बहाना बनाया। IRGC ने कहा कि अमेरिका की किसी भी नई सैन्य कार्रवाई का पहले से अधिक सख्ती के साथ जवाब दिया जाएगा।
होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों पर नियम होंगे और सख्त
ईरान ने संकेत दिए हैं कि होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों के लिए नियम और कड़े किए जाएंगे। ईरानी पक्ष का कहना है कि भविष्य में नियमों का उल्लंघन करने वाले जहाजों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी प्रकार की सैन्य आक्रामकता का जवाब दिया जाएगा।
इस्लामाबाद समझौते का हवाला
IRGC ने अमेरिका पर इस्लामाबाद समझौता ज्ञापन के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए कहा कि सीजफायर तोड़ना समझौते की पहली धारा का उल्लंघन है। संगठन के अनुसार, यदि ऐसा जारी रहा तो समझौते से जुड़ी सभी प्रक्रियाएं पूरी तरह निलंबित मानी जाएंगी।
ट्रंप की चेतावनी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हालिया सैन्य कार्रवाई के बाद कहा था कि अमेरिकी विमानों ने ईरान के मिसाइल, ड्रोन भंडार और रडार ठिकानों को निशाना बनाया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ईरान अपनी गतिविधियां नहीं रोकता, तो अमेरिका आगे और बड़ी सैन्य कार्रवाई कर सकता है।
मुख्य बातें
- अमेरिकी सेना ने 24 घंटे में ईरान के सैन्य ठिकानों पर दो बार हमला किया।
- IRGC ने बहरीन और कुवैत में आठ अमेरिकी ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन हमलों का दावा किया।
- ईरान ने होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों के लिए नियम और सख्त करने की बात कही।
- IRGC ने अमेरिका पर सीजफायर और इस्लामाबाद समझौते के उल्लंघन का आरोप लगाया।
- ट्रंप ने ईरान को आगे और कड़ी सैन्य कार्रवाई की चेतावनी दी।
यह भी पढ़ें- Anushka ने प्यूमा पर लगाया बिना परमिशन फोटो इस्तेमाल करने का आरोप
