भारत में डिजिटल भुगतान को नई दिशा देने वाला UPI अब एक और बड़े बदलाव की ओर बढ़ रहा है। जल्द ही ऐसा समय आ सकता है जब इंटरनेट उपलब्ध न होने पर भी आसानी से UPI से भुगतान किया जा सकेगा। इससे खराब नेटवर्क की वजह से होने वाली पेमेंट फेल की परेशानी काफी हद तक खत्म हो सकती है।
बिना इंटरनेट UPI पेमेंट पर काम कर रहा है NPCI
नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) एक ऐसी नई तकनीक विकसित कर रहा है, जिसके जरिए बिना इंटरनेट कनेक्शन के भी UPI से भुगतान किया जा सकेगा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस सुविधा का इस्तेमाल दुकानों, फ्लाइट और अंडरग्राउंड मेट्रो जैसी जगहों पर किया जा सकेगा, जहां अक्सर इंटरनेट उपलब्ध नहीं होता।
NFC तकनीक से होगा भुगतान
रिपोर्ट के अनुसार, यह नई सुविधा Near Field Communication (NFC) तकनीक पर आधारित होगी। इसके बाद QR Code स्कैन करने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। यूजर को केवल अपने NFC सपोर्ट वाले स्मार्टफोन को मशीन पर टैप करना होगा और भुगतान पूरा हो जाएगा।
इस प्रक्रिया की खास बात यह होगी कि न तो ग्राहक के फोन में इंटरनेट जरूरी होगा और न ही दुकानदार की POS मशीन में ऑनलाइन कनेक्टिविटी की आवश्यकता होगी।
एक बार में 2,000 रुपये तक कर सकेंगे भुगतान
शुरुआती चरण में इस सुविधा के जरिए एक ट्रांजैक्शन में अधिकतम 2,000 रुपये तक का भुगतान किया जा सकेगा। इसके लिए यूजर को पहले इंटरनेट उपलब्ध होने पर अपने UPI Lite वॉलेट में राशि जोड़नी होगी। बाद में उसी बैलेंस का उपयोग ऑफलाइन पेमेंट के लिए किया जा सकेगा। इसके अलावा, ऐसी सेटिंग भी उपलब्ध कराई जा सकती है, जिससे हर बार UPI PIN दर्ज करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
फ्लाइट और अंडरग्राउंड मेट्रो में मिलेगा बड़ा फायदा
यह सुविधा खासतौर पर उन जगहों के लिए उपयोगी साबित हो सकती है, जहां नेटवर्क उपलब्ध नहीं रहता। फ्लाइट के दौरान या अंडरग्राउंड मेट्रो में इंटरनेट न होने की स्थिति में भी UPI के जरिए भुगतान किया जा सकेगा।
हालांकि, इस सिस्टम का लाभ लेने के लिए केवल ग्राहकों का स्मार्टफोन ही नहीं, बल्कि दुकानदारों के POS टर्मिनल भी नए सिस्टम के अनुरूप प्रमाणित (Certified) होने चाहिए। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, NPCI जल्द ऐसे टर्मिनलों का सर्टिफिकेशन शुरू कर सकता है। इसके बाद बैंक और विभिन्न UPI ऐप कंपनियां भी अपने प्लेटफॉर्म पर यह सुविधा जोड़ेंगी।
कब लॉन्च होगी नई सुविधा?
फिलहाल यह फीचर डेवलपमेंट स्टेज में है और आम लोगों के लिए उपलब्ध नहीं है। NPCI ने इसकी आधिकारिक लॉन्च तारीख की घोषणा भी नहीं की है।
हालांकि, रिपोर्ट्स के अनुसार इस तकनीक पर तेजी से काम चल रहा है और भविष्य में इसे चरणबद्ध तरीके से शुरू किया जा सकता है। यदि यह सुविधा लॉन्च होती है, तो खराब नेटवर्क, एयरप्लेन मोड या यात्रा के दौरान भी UPI से डिजिटल भुगतान पहले की तुलना में कहीं अधिक आसान और सुविधाजनक हो जाएगा।
यह भी पढ़ें- Anushka ने प्यूमा पर लगाया बिना परमिशन फोटो इस्तेमाल करने का आरोप
हमारे फ़ैज़ी वेबसाइट से जुड़ने के लिए क्लिक करें
