नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र बालेन शाह दो दिवसीय भारत दौरे पर पहुंचे हैं। प्रधानमंत्री बनने के बाद यह उनका पहला भारत दौरा और पहला विदेशी दौरा भी है। इस यात्रा के दौरान वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को नेपाल की धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत से जुड़ी दो मूर्तियां भेंट करेंगे।
पीएम मोदी को भेंट करेंगे रातो मच्छिंद्रनाथ की मूर्ति
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को रातो मच्छिंद्रनाथ की मूर्ति भेंट करेंगे। यह देवता नेपाल की धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान से गहराई से जुड़े हैं। काठमांडू घाटी में रातो मच्छिंद्रनाथ को प्रमुख देवता के रूप में पूजा जाता है।पारंपरिक नेपाली मान्यताओं के अनुसार, लिच्छवि राजवंश के राजा नरेंद्र देव रातो मच्छिंद्रनाथ को वर्तमान असम से काठमांडू घाटी लेकर आए थे।
राष्ट्रपति मुर्मू को भेंट करेंगे चारुमति विहार से जुड़ी मूर्ति
बालेन शाह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को काठमांडू के चाबाहिल स्थित चारुमति विहार से जुड़ी एक मूर्ति भी भेंट करेंगे। इस विहार का इतिहास मौर्य सम्राट अशोक और उनकी बेटी चारुमति से जुड़ा हुआ है।
पारंपरिक कथाओं के अनुसार, सम्राट अशोक अपनी बेटी के साथ काठमांडू घाटी आए थे। बाद में चारुमति ने स्थानीय राजकुमार देवपाल से विवाह किया और देवपाटन क्षेत्र में बस गईं। माना जाता है कि उन्होंने ही इस क्षेत्र में विहार की स्थापना की थी। इसी स्थान पर उनका निधन भी हुआ था।
प्रधानमंत्री मोदी के निमंत्रण पर भारत पहुंचे शाह
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर बालेन शाह 22-23 नवंबर को भारत की यात्रा कर रहे हैं। विदेश मंत्रालय (MEA) के अनुसार, यह दौरा दोनों देशों के बीच नियमित उच्च-स्तरीय बातचीत की परंपरा को आगे बढ़ाता है और भारत की नेबरहुड फर्स्ट नीति के तहत नेपाल के महत्व को दर्शाता है। मंत्रालय ने कहा कि यात्रा से द्विपक्षीय साझेदारी मजबूत करने और आपसी लाभ वाले सहयोग को आगे बढ़ाने का अवसर मिलेगा।
भारत और नेपाल के बीच पुराने सांस्कृतिक और पारिवारिक संबंध हैं, जिन्हें अक्सर ‘रोटी-बेटी’ के रिश्ते के रूप में बताया जाता है। नेपाल भौगोलिक रूप से चारों ओर से जमीन से घिरा देश है और व्यापार, आयात, ट्रांजिट तथा समुद्र तक पहुंच के लिए काफी हद तक भारत पर निर्भर है।













