पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री Imran Khan पर हुए हमले से पाकिस्तान गृह युद्ध की ओर बढ़ता नजर आ रहा है क्योंकि जहां एक ओर इमरान खान आरोप लगा रहे हैं कि उनकी हत्या की साजिश रची गयी वहीं पाकिस्तान सरकार इमरान पर देश में अशांति भड़काने का आरोप लगा रही है।
इमरान खान ने अपना मार्च जारी रखने का ऐलान किया है तो सरकार का कहना है कि अशांति फैलाने की इजाजत नहीं दी जायेगी। Imran Khan पर हुए हमले के विरोध में पाकिस्तान के विभिन्न शहरों में जिस तरह इमरान की पार्टी के कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं उसने देश में तनाव बढ़ा दिया है। पूरी दुनिया की नजरें इस समय पाकिस्तान पर हैं क्योंकि यह पहले ही असुरक्षित मुल्क माना जाता है। भारत सरकार भी पाकिस्तान की स्थिति पर नजर रखे हुए है।
हम आपको बता दें कि Imran Khan ने सीधा सीधा आरोप लगाया है कि मौजूदा प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, गृहमंत्री और सेना के एक जनरल ने उनकी हत्या की कोशिश की नाकाम साजिश रची। इमरान के करीबी सहयोगी असद उमर ने एक वीडियो बयान जारी कर यह आरोप लगाया है। पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के वरिष्ठ नेता असद उमर ने एक वीडियो बयान में कहा कि पार्टी अध्यक्ष इमरान खान ने तीन संदिग्धों का नाम लिया है, जो हमले के पीछे हो सकते हैं।
सरकार जांच में हर तरह का सहयोग देने को तैयार
दूसरी ओर, पाकिस्तान के गृहमंत्री राणा सनाउल्लाह ने इमरान खान के इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि सरकार जांच में हर तरह का सहयोग देने को तैयार है। पाकिस्तान के गृह मंत्रालय ने पंजाब प्रांत की सरकार से कहा है कि वह पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की हत्या के प्रयास के संबंध में तथ्यों को सामने लाने के लिए एक उच्च स्तरीय संयुक्त जांच दल का गठन करे।
गृह मंत्री ने सुरक्षा में चूक के लिए पंजाब सरकार को भी जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने हमलावर के कबूलनामे का वीडियो सार्वजनिक होने का जिम्मेदार भी प्रांतीय सरकार को ठहराया। राणा सनाउल्लाह ने बिना किसी सबूत के इस घटना के लिए सरकार और सेना के शीर्ष अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराने के लिए पीटीआई नेता असद उमर और शिरीन मजारी की आलोचना की। उन्होंने लोगों को विपक्षी नेताओं के घरों पर हमले के लिए उकसाने के वास्ते पीटीआई नेता फवाद चौधरी की भी निंदा की।
गृह मंत्री ने कहा, ‘‘आप भी आसमान में नहीं रहते हो। यदि आप हिंसा करते हो, तो आपकी लगाई आग, आपको भी चपेट में ले लेगी।’’ हम आपको बता दें कि इमरान खान की पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) पंजाब प्रांत में सत्तारुढ़ पार्टी है जबकि प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज के नेतृत्व वाला गठबंधन संघीय सरकार यानि पाकिस्तान की सरकार का संचालन कर रहा है।
इसे भी पढ़े-मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रानीबाग स्थित एचएमटी फैक्ट्री का निरीक्षण किया
हमारे फेसबुक पेज से जुड़ने के लिए क्लिक करें



