पिछले कुछ वर्षों से मोबाइल कॉल करने पर अक्सर एक कॉलर ट्यून सुनाई देती थी, जिसमें सदी के महानायक अमिताभ बच्चन लोगों को साइबर धोखाधड़ी से सतर्क रहने की सलाह देते थे। यह ट्यून भारत सरकार की तरफ से शुरू की गई साइबर फ्रॉड जागरूकता अभियान का हिस्सा थी, जिसका उद्देश्य जनता को ऑनलाइन ठगी और धोखाधड़ी से बचने के लिए जागरूक करना था।
आज से नहीं बजेगी ये आवाज
26 जून 2025 से यह ट्यून मोबाइल नेटवर्क पर सुनाई नहीं देगी। सरकार ने इस अभियान को अब समाप्त कर दिया है। इसके साथ ही अमिताभ बच्चन की आवाज में रिकॉर्ड की गई यह सावधान करने वाली कॉलर ट्यून भी बंद कर दी गई है।
यह निर्णय टेलीकॉम विभाग के निर्देश पर लिया गया है। पिछले कुछ समय से उपभोक्ताओं की तरफ से यह शिकायत आ रही थी कि कॉलर ट्यून के कारण आपात स्थिति में भी कॉल करने में देरी हो रही है। इस फीडबैक को ध्यान में रखते हुए सरकार ने इस अभियान को अब विराम दे दिया है।
जनता की मिली-जुली प्रतिक्रिया
जहां कुछ लोगों को यह ट्यून उपयोगी और जागरूक करने वाली लगती थी, वहीं कुछ लोग इससे परेशान हो चुके थे। सोशल मीडिया पर इस कॉलर ट्यून को लेकर कई मीम्स और चुटकुले भी बने। लोगों ने मजाक में अमिताभ बच्चन को ही इसका जिम्मेदार मान लिया। जवाब में बिग बी ने एक बार कहा था,
“भैया, सरकार ने कहा तो हमने बोल दिया।”
उनका यह जवाब भी खूब वायरल हुआ था।
क्या होगा अब?
सरकार ने नई कॉलर ट्यून की कोई घोषणा फिलहाल नहीं की है, लेकिन यह तय है कि अब साइबर जागरूकता के लिए नए प्लेटफॉर्म्स और तरीकों का इस्तेमाल किया जाएगा।
साइबर सुरक्षा से जुड़े मुद्दे आज भी गंभीर हैं, इसलिए लोगों को अब भी सतर्क रहने की जरूरत है, भले ही अमिताभ बच्चन की आवाज कॉल से पहले न सुनाई दे।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस


