मंगलवार को फिलीपींस में एक बार फिर धरती हिली, जिससे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। दक्षिणी फिलीपींस में आए इस भूकंप की तीव्रता 6.4 मापी गई। स्थानीय समयानुसार भूकंप के झटके इतने तेज थे कि लोग घरों से बाहर निकल आए। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी भी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
फिलीपींस इंस्टीट्यूट ऑफ वोल्केनोलॉजी एंड सीस्मोलॉजी के अनुसार, यह भूकंप सुनामी की आशंका नहीं पैदा करता। फिलीपींस पैसिफिक रिंग ऑफ फायर पर स्थित है, जहां अक्सर भूकंप आते रहते हैं।
2022 में आया था सबसे बड़ा भूकंप
फिलीपींस में जुलाई 2022 में एक बड़ा भूकंप आया था, जिसकी तीव्रता 7.0 थी। इस विनाशकारी भूकंप का केंद्र उत्तरी इलाके अबरा में था, जहां भूस्खलन और जमीन में दरारें देखी गई थीं। रिपोर्ट्स के अनुसार उस समय 11 लोगों की जान गई और 600 से अधिक लोग घायल हुए थे।
पाकिस्तान में भी महसूस हुए झटके
5 मई को पाकिस्तान के उत्तरी क्षेत्र में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप केंद्र के मुताबिक इस भूकंप की तीव्रता 4.2 थी। भूकंप का केंद्र 36.60° उत्तर अक्षांश और 72.89° पूर्व देशांतर पर स्थित था। वहां भी लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए, लेकिन किसी तरह के बड़े नुकसान की खबर नहीं आई।
तिब्बत, नेपाल और भारत भी रहे भूकंप की चपेट में
तिब्बत में 23 मई को 4.2 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसकी गहराई 20 किलोमीटर थी। इस भूकंप से किसी तरह की क्षति नहीं हुई। इसके अलावा चीन, नेपाल और भारत के कई इलाकों में भी बीते महीने भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। लगातार आ रहे इन भूकंपों ने एशिया के कई देशों में लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस


