राजकोट। गुजरात के राजकोट शहर के नागेश्वर इलाके में गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। चाची-भतीजे के कथित प्रेम प्रसंग से परेशान एक व्यक्ति ने गुस्से और तनाव में आकर अपनी पत्नी को गोली मार दी और फिर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पत्नी की हालत अभी गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई और पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पिछले डेढ़ महीने से जारी था विवाद
पुलिस के अनुसार, यह घटना नागेश्वर क्षेत्र की एक इमारत के आंगन में हुई। शुरुआती जांच में खुलासा हुआ है कि पति-पत्नी के बीच पिछले डेढ़ महीने से तनाव चल रहा था। मृतक लालजीभाई की बहन ने बताया कि लालजी और त्रिशा की शादी लगभग 20 साल पहले हुई थी और उनका एक 18 वर्षीय बेटा भी है।
परिवार का दावा है कि लगभग डेढ़ महीने पहले लालजी ने अपनी पत्नी त्रिशा और परिवार के भतीजे विशाल को आपत्तिजनक हालत में देख लिया था। इसके बाद त्रिशा घर छोड़कर अपनी दोस्त पूजा के साथ रहने लगीं, जिससे पारिवारिक तनाव और बढ़ गया।
मनाने के प्रयास नाकाम, बढ़ता गया विवाद
परिवार की माने तो लालजी अपनी पत्नी को वापस घर लाने और नए सिरे से जीवन शुरू करने के लिए तैयार थे। उन्होंने त्रिशा को मनाने की कोशिश भी की, लेकिन आरोप है कि पूजा, सोनू और भतीजा विशाल लगातार त्रिशा को लालजी के खिलाफ भड़का रहे थे। स्थिति इतनी बिगड़ गई थी कि त्रिशा और विशाल ने एक महीने पहले लालजी के खिलाफ पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने लालजी को हिरासत में लिया था।
परिवार के अनुसार, लालजी ने अपने घर, पैसे और गहने तक पत्नी को देने की पेशकश की, लेकिन त्रिशा वापस लौटने को तैयार नहीं हुईं। इसी तनाव और टूटते रिश्ते ने अंततः इस घटना को जन्म दिया।
घटना के बाद पुलिस जांच जारी
घटना के समय त्रिशा योगा क्लास से लौट रही थीं। इसी दौरान गुस्से में लालजी ने पहले पत्नी को गोली मारी और फिर खुद को गोली मार ली। फिलहाल त्रिशा गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं और उनका इलाज जारी है। पुलिस का कहना है कि घटना पूरी तरह घरेलू विवाद से जुड़ी है और सभी एंगल से जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- Anushka ने प्यूमा पर लगाया बिना परमिशन फोटो इस्तेमाल करने का आरोप
हमारे फ़ैज़ी वेबसाइट से जुड़ने के लिए क्लिक करें



