भारतीय संगीत जगत की महान गायिका Asha Bhosle का 92 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनके निधन से देशभर में शोक की लहर दौड़ गई है। परिवार की ओर से मिली जानकारी के अनुसार उन्होंने रविवार को अंतिम सांस ली।
अस्पताल में चल रहा था इलाज
शनिवार रात को तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी पोती जनाई भोसले ने सोशल मीडिया के जरिए बताया था कि आशा भोसले चेस्ट इंफेक्शन से जूझ रही थीं। इलाज के दौरान उनकी हालत गंभीर होती गई और अंततः मल्टी ऑर्गन फेलियर के कारण उनका निधन हो गया। आशा भोसले के बेटे आनंद भोसले ने जानकारी देते हुए बताया कि उनका अंतिम संस्कार सोमवार को शाम 4 बजे किया जाएगा।
पुरस्कार और उपलब्धियां
आशा भोसले ने अपने लंबे करियर में कई प्रतिष्ठित सम्मान हासिल किए। उन्हें वर्ष 2008 में पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया। इससे पहले साल 2000 में दादासाहेब फाल्के पुरस्कार भी मिला। इसके अलावा उन्हें दो बार नेशनल फिल्म अवॉर्ड (1981, 1986) से नवाजा गया। 7 बार फिल्मफेयर अवॉर्ड जीतने के साथ ही उन्हें लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड भी मिला।
सदाबहार गानों की विरासत
आशा भोसले ने अपनी आवाज से हर पीढ़ी के दिलों पर राज किया। उनके मशहूर गीतों में इन आंखों की मस्ती, दिल चीज क्या है, चुरा लिया है तुमने जो दिल को, पिया तू अब तो आजा जैसे कई सुपरहिट गाने शामिल हैं, जो आज भी उतने ही लोकप्रिय हैं।
परिवार और निजी जीवन
8 सितंबर 1933 को जन्मी आशा भोसले, प्रसिद्ध संगीतकार Deenanath Mangeshkar की बेटी थीं। वह मशहूर गायिका Lata Mangeshkar की छोटी बहन थीं। उनकी पहली शादी गणपतराव भोसले से हुई थी, जो ज्यादा समय तक नहीं चली। इसके बाद उन्होंने संगीतकार R. D. Burman से विवाह किया। उनके तीन बच्चे हैं।


