सोमवार को उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के अचानक इस्तीफ़े के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई है। इस बीच बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का नाम नए उपराष्ट्रपति के तौर पर ज़ोर-शोर से उछाला जा रहा है। भाजपा नेताओं से लेकर सोशल मीडिया तक इस पर चर्चा तेज़ हो गई है।
बिहार भाजपा विधायक हरिभूषण ठाकुर बचौल ने कहा कि ‘‘हर कोई चाहता है कि नीतीश कुमार उपराष्ट्रपति बनें। इससे बेहतर क्या होगा?’’ वहीं, बिहार के मंत्री प्रेम कुमार का कहना है कि यह फ़ैसला केंद्र सरकार को लेना है। उन्होंने कहा, ‘‘अगर बिहार से कोई उपराष्ट्रपति बनता है तो यह गर्व की बात होगी।’’ मंत्री नीरज कुमार सिंह बबलू ने भी कहा कि अगर नीतीश को यह पद मिलता है तो इसमें कोई दिक्कत नहीं।
सोशल मीडिया पर कई नामों की चर्चा
धनखड़ के इस्तीफ़े के बाद सोशल मीडिया पर कई नामों की चर्चा हो रही है। इसी बीच राजनीतिक पत्रकार समीर चौगांवकर ने एक्स पर दावा किया कि भाजपा बिहार में अपना मुख्यमंत्री नियुक्त करेगी, जदयू के हिस्से में उपमुख्यमंत्री का पद रहेगा और नीतीश कुमार उपराष्ट्रपति बन जाएंगे।
कुछ सोशल मीडिया यूज़र्स यह भी कयास लगा रहे हैं कि भाजपा जगदीप धनखड़ को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बना सकती है। नीतीश कुमार बिहार के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने वाले नेता हैं। वे 2005 से सत्ता में हैं और पिछले साल जनवरी में भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए में लौटकर नौवीं बार मुख्यमंत्री बने थे।
अब सवाल यह है कि क्या बिहार की राजनीति में एक और बड़ा उलटफेर होने जा रहा है? फ़िलहाल हर किसी की नज़र भाजपा और केंद्र सरकार के फ़ैसले पर टिकी है।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस
