नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को लोकसभा को सूचित किया कि पहलगाम आतंकी हमले में शामिल तीन आतंकवादियों को सुरक्षा बलों ने मार गिराया है। श्रीनगर के पास सोमवार को शुरू हुए ऑपरेशन महादेव में भारतीय सेना, सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई ने यह सफलता हासिल की।
मारे गए आतंकियों की पहचान उजागर
शाह ने बताया कि मारे गए आतंकियों की पहचान सुलेमान उर्फ फैजल, अफगानी और जिबरान के रूप में हुई है। ये तीनों आतंकवादी लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े थे और अप्रैल में हुए हमले में सक्रिय भूमिका में थे।
चीनी उपकरण से मिली अहम जानकारी
22 अप्रैल को हुए हमले के बाद सुरक्षा बल हाई अलर्ट पर थे। खुफिया एजेंसियों को एक संदिग्ध एन्क्रिप्टेड रेडियो सिग्नल मिला, जो एक चीनी अल्ट्रा रेडियो डिवाइस से जुड़ा था। यह डिवाइस आतंकियों द्वारा पहलगाम हमले की योजना और क्रियान्वयन के दौरान इस्तेमाल किया गया।
स्थानीय सहयोग से दाचीगाम जंगल में घेरा
स्थानीय खानाबदोशों से मिली सूचनाओं के आधार पर दाचीगाम वन क्षेत्र में आतंकियों की लोकेशन का पता चला। निगरानी ड्रोन के माध्यम से उनकी गतिविधियों की पुष्टि की गई। इसके बाद राष्ट्रीय राइफल्स और पैरा स्पेशल फोर्सेज के जवानों ने पहाड़ों में चढ़ाई कर तीनों आतंकियों को मार गिराया।
हमले में 26 की मौत, बड़ा आतंकी हमला
22 अप्रैल के पहलगाम हमले में 26 लोगों की मौत हुई थी, जिनमें ज़्यादातर पर्यटक थे। इसे अनुच्छेद 370 हटने के बाद का सबसे बड़ा हमला माना गया। इसके बाद भारत ने 7 मई को ऑपरेशन सिंदूर चलाकर पीओके में आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया था।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस


