सोमवार को लद्दाख के लेह क्षेत्र में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.7 मापी गई। यह भूकंप सुबह 11:51:14 बजे (IST) दर्ज किया गया। भूकंप का केंद्र जमीन से करीब 171 किलोमीटर की गहराई में स्थित था, जिससे इसका असर सीमित रहा।
कहां था भूकंप का केंद्र
एनसीएस के मुताबिक, भूकंप का केंद्र 36.71 डिग्री उत्तर अक्षांश और 74.32 डिग्री पूर्व देशांतर पर स्थित था, जो लेह, लद्दाख क्षेत्र के अंतर्गत आता है। गहराई अधिक होने के कारण किसी बड़े नुकसान की खबर सामने नहीं आई है।
जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं
भूकंप के बाद राहत की बात यह रही कि किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है। स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीमें हालात पर नजर बनाए हुए हैं। लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की गई है।
दिल्ली में भी महसूस हुए हल्के झटके
इसी दिन सुबह दिल्ली में भी भूकंप का हल्का झटका महसूस किया गया। इसकी तीव्रता 2.8 दर्ज की गई। एनसीएस के अनुसार, भूकंप सुबह 8:44 बजे आया और इसका केंद्र उत्तर दिल्ली में जमीन की सतह से मात्र 5 किलोमीटर की गहराई पर था।
सिस्मिक जोन-4 में आती है दिल्ली
विशेषज्ञों का कहना है कि दिल्ली भूकंप के लिहाज से संवेदनशील क्षेत्र में आती है और सिस्मिक जोन-4 में शामिल है। हालांकि 2.8 तीव्रता का भूकंप सामान्य तौर पर नुकसानदायक नहीं होता।
अफगानिस्तान में भी बढ़ी भूकंपीय गतिविधि
पिछले कुछ दिनों में अफगानिस्तान में भी लगातार भूकंप दर्ज किए गए हैं। रविवार को वहां 4.0 और 4.1 तीव्रता के भूकंप आए, जबकि 15 जनवरी को 4.2 तीव्रता का झटका दर्ज किया गया था। विशेषज्ञ इसे क्षेत्रीय टेक्टोनिक गतिविधियों से जोड़कर देख रहे हैं।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस


