रूद्रपुर। बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उत्तराखंड सरकार लगातार प्रभावी कदम उठा रही है। इसी दिशा में वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना और दीन दयाल उपाध्याय गृह आवास (होमस्टे) योजना को धरातल पर सफलतापूर्वक लागू किया जा रहा है। इन योजनाओं के तहत युवाओं को पर्यटन से जुड़े व्यवसायों के लिए आर्थिक सहायता और मार्गदर्शन दिया जा रहा है।
आवेदकों के साक्षात्कार विकास भवन में आयोजित
मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में दोनों योजनाओं के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों के साक्षात्कार आयोजित किए गए। जिला पर्यटन विकास अधिकारी लता बिष्ट ने जिला स्तरीय स्क्रीनिंग एवं चयन समिति के समक्ष वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना के 4 और दीन दयाल उपाध्याय होमस्टे योजना के 2 आवेदन प्रस्तुत किए। साक्षात्कार के दौरान आवेदकों से उनके प्रस्तावित व्यवसाय, कार्यक्षेत्र, भूमि की स्थिति और पूर्व अनुभव से संबंधित विस्तृत जानकारी ली गई।
ऋण स्वीकृति और लक्ष्यों की प्रगति
जिला पर्यटन विकास अधिकारी ने जानकारी दी कि पर्यटन स्वरोजगार योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष में वाहन मद में 7 और गैर-वाहन मद में 5 लाभार्थियों को सहायता देने का लक्ष्य रखा गया है। इसके सापेक्ष पहले ही वाहन मद में 11 और गैर-वाहन मद में 2 आवेदन बैंकों को भेजे गए थे। इनमें से 8 आवेदनों पर ऋण स्वीकृत कर लाभान्वित किया जा चुका है।
वहीं, दीनदयाल होमस्टे योजना के तहत 4 के लक्ष्य के मुकाबले 1 प्रकरण बैंक को भेजा गया है, जिस पर कार्यवाही जारी है।
समयबद्ध ऋण और प्रचार पर जोर
मुख्य विकास अधिकारी ने स्वीकृत आवेदनों को शीघ्र संबंधित बैंकों को भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि होमस्टे निर्माण से जुड़े आवेदकों के नाम भूमि दर्ज होना अनिवार्य है तथा प्राधिकरण क्षेत्र में आने वाले भवनों के नक्शे स्वीकृत होने चाहिए। साथ ही, बैंकों को समयबद्ध रूप से ऋण उपलब्ध कराने और अस्वीकृति की स्थिति में स्पष्ट कारण दर्ज करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने रोजगारपरक योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया ताकि अधिक से अधिक युवा इनका लाभ उठा सकें।
साक्षात्कार समिति में ये अधिकारी रहे मौजूद
समिति में जिला पर्यटन विकास अधिकारी लता बिष्ट, लीड बैंक अधिकारी चिराग पटेल, डीडीएम नाबार्ड राजीव प्रियदर्शी, प्रबंधक उद्योग योगिता जोशी और सहायक अभियंता जिला विकास प्राधिकरण कैलाश डंगवाल शामिल रहे।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस



