जम्मू-कश्मीर में लगातार दो दिन से हो रही भारी बारिश ने बाढ़ का खतरा बढ़ा दिया है। झेलम नदी अनंतनाग और पंपोर के संगम पर खतरे के निशान को पार कर चुकी है। वहीं अखनूर में चिनाब नदी का जलस्तर भी तेजी से बढ़ रहा है, जिससे कई निचले इलाकों में पानी भर गया है। गनखल गांव पूरी तरह जलमग्न हो चुका है और भारतीय सेना तथा एनडीआरएफ टीम बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।
संगम और पंपोर में जलस्तर खतरनाक स्तर पर
अधिकारियों के अनुसार संगम में झेलम नदी का जलस्तर 25 फीट से ऊपर पहुंच गया है, जबकि पंपोर में भी नदी खतरे के निशान को पार कर रही है। श्रीनगर के राम मुंशीबाग में पानी 18 फीट के चेतावनी स्तर के करीब पहुंच गया है। प्रशासन ने अलर्ट जारी करते हुए लोगों को निचले इलाकों से दूर रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है।
दक्षिण कश्मीर में बाढ़, कई जिले प्रभावित
पुलवामा, शोपियां और कुलगाम जिलों में भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई है। कई गांवों में पानी घुस गया है, जिससे लोग फंस गए हैं। आपदा प्रबंधन टीम और पुलिस ने राहत-बचाव अभियान शुरू कर दिया है। अनंतनाग जिले में लिद्दर नाले में अचानक जलस्तर बढ़ने से फंसे 25 बंजारा परिवारों को पुलिस ने सुरक्षित बाहर निकाला।
भूस्खलन और मकान ढहने की घटनाएं
राजौरी के सुंदरबनी इलाके में भारी बारिश के बाद एक मकान ढह गया, जिसमें एक महिला और उसकी बेटी की मौत हो गई। प्रशासन ने आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस


