कुआलालंपुर: मलेशियाई सीमा नियंत्रण एवं सुरक्षा एजेंसी (AKSEM) ने सुरक्षा चिंताओं के चलते 99 विदेशी नागरिकों को देश में प्रवेश करने से रोक दिया है। इनमें 10 भारतीय, 80 बांग्लादेशी और 9 पाकिस्तानी नागरिक शामिल हैं।
अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई कुआलालंपुर अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-1 पर की गई, जहाँ कुल 400 यात्रियों की जांच की गई थी। यह जाँच सात घंटे तक चली और इसका उद्देश्य संदिग्ध आगंतुकों की पहचान करना था।
आव्रजन मानकों पर खरे नहीं उतरे यात्री
सभी रोके गए यात्री पुरुष थे। अधिकारियों ने बताया कि ये लोग आव्रजन जांच के मानकों पर खरे नहीं उतरे। इनमें संदिग्ध यात्रा इतिहास और दस्तावेज़ों की अपूर्णता जैसे कारण शामिल हैं। उन्हें देश में प्रवेश से पहले आगे की दस्तावेजी प्रक्रियाओं से गुजरना पड़ा और फिर निर्वासन की प्रक्रिया शुरू की गई।
मानव तस्करी रोकने की मुहिम
AKSEM ने बताया कि यह अभियान मानव तस्करी रोकने और अल्पकालिक आगंतुक पास के दुरुपयोग पर अंकुश लगाने की पहल का हिस्सा है। इस तरह के अभियान नियमित रूप से आयोजित किए जाते हैं।
गौरतलब है कि मलेशिया ने हाल ही में भारतीय पर्यटकों के लिए वीज़ा-मुक्त प्रवेश सुविधा को 31 दिसंबर, 2026 तक बढ़ाया है। इसके तहत भारतीय नागरिक बिना वीज़ा के 30 दिन तक मलेशिया में रह सकते हैं। सरकार को उम्मीद है कि इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और आर्थिक विकास को गति मिलेगी।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस
