फिलीपींस इस समय भयानक प्राकृतिक आपदा से गुजर रहा है। तूफान कालमेगी ने देश के मध्य हिस्सों में तबाही मचा दी है, जिसमें कम से कम 90 लोगों की मौत हो चुकी है और कई लोग अब भी लापता हैं।
सेबू प्रांत के अधिकारियों के मुताबिक, सिर्फ एक तटीय कस्बे से 35 शव बरामद किए गए, जिससे प्रांत में मरने वालों की संख्या 76 तक पहुंच गई है। राष्ट्रीय नागरिक सुरक्षा कार्यालय ने अन्य प्रभावित इलाकों से भी 17 और मौतों की पुष्टि की है।
अचानक आई बाढ़ ने छीन ली सैकड़ों की जिंदगी
समाचार एजेंसी एपी के अनुसार, अधिकांश मौतें सेबू प्रांत में आई भीषण बाढ़ के कारण हुईं। तेज धाराओं ने घरों और वाहनों को बहा दिया, जबकि सैकड़ों लोग छतों पर फंस गए। यह इलाका अभी भी पिछले महीने आए घातक भूकंप के बाद उबरने की कोशिश कर रहा था।
अधिकारियों का कहना है कि कई लोगों की मौत तेज बहाव में फंसने के कारण हुई। बाढ़ के चलते कई इलाकों में बिजली और संचार व्यवस्था भी ठप हो गई है।
हेलीकॉप्टर हादसे में छह सैनिकों की मौत
इसी बीच एक और हादसा सामने आया है। तूफान से प्रभावित इलाकों में राहत सामग्री पहुंचा रहा फिलीपींस वायुसेना का एक हेलीकॉप्टर मंगलवार को दक्षिणी अगूसन डेल सूर प्रांत में दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें छह लोगों की मौत हो गई। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
आपदा की स्थिति घोषित, राहत कार्य तेज
सेबू की गवर्नर पामेला बारिकुआट्रो ने बताया कि तूफान से बचाव के लिए हरसंभव प्रयास किए गए, लेकिन अचानक आई बाढ़ ने हालात बिगाड़ दिए। सरकार ने आपदा की स्थिति घोषित कर दी है ताकि राहत कार्यों के लिए धनराशि तुरंत जारी की जा सके।
सेबू में 24 लाख से ज्यादा लोग रहते हैं। हाल ही में आए 6.9 तीव्रता के भूकंप से यह प्रांत पहले ही भारी नुकसान झेल चुका था। प्रशासन ने पहले से ही भूकंप प्रभावित इलाकों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया था, जिससे कुछ हद तक जान-माल का नुकसान कम हुआ।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस


