नई दिल्ली, खबर संसार। पेट्रोल व डीजल की कीमत में आज फिर बढ़ोतरी की गई है। इस हफ्ते पांच दिन में चौथी बार कीमत बढ़ाई गई है। तेल मार्केटिंग कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल की कीमत में एक बार फिर 80 पैसे प्रति लीटर का बढ़ा दिया है।
इस तरह पांच दिन में पेट्रोल और डीजल की कीमत में 3.20 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। इस बढ़ोतरी के बाद राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 98.61 रुपये और डीजल की कीमत 89.87 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई। जानकारों के मुताबिक पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार कई दिनों तक इजाफा हो सकता है।
इसे भी पढ़े-योगी का जनता को तोहफा, फ्री राशन योजना तीन माह के लिए बढ़ाई गई
चार महीने तक नहीं बढ़ी कीमत
भारत अपनी जरूरत का 85 फीसदी तेल आयात करता है और देश में पेट्रोल तथा डीजल की कीमत अंतरराष्ट्रीय दर से जुड़ी है। लेकिन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमत में भारी तेजी के बावजूद ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने दिवाली से 21 नवबंर के बीच पेट्रोल-डीजल की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया। क्रिसिल रिसर्च की एक रिपोर्ट के मुताबिक ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के नुकसान की भरपाई के लिए पेट्रोल-डीजल की कीमत में 15 से 20 रुपये का इजाफा करना होगा।
अभी कितनी बढ़ सकती है कीमत
जानकारी के अनुसार नवंबर से मार्च के बीच आईओसी को एक से 1.1 अरब डॉलर, बीपीसीएल तथा एचपीसीएल को प्रत्येक को 55 से 65 करोड़ डॉलर का नुकसान हुआ। पेट्रोल-डीजल की कीमत में जब आखिरी बार बदलाव हुआ था तो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमत करीब 82 डॉलर प्रति बैरल थी जो अभी 120 डॉलर के आसपास है। जानकारों के मुताबिक डीजल की कीमत में 13.1 रुपये से 24.9 रुपये प्रति लीटर का इजाफा हो सकता है। इसी तरह पेट्रोल की कीमत में 10.60 रुपये से 22.30 रुपये की बढ़ोतरी हो सकती है।
अपने शहर में आज के भाव यूं जानें
पेट्रोल-डीजल (Petrol-Diesel) के भाव रोजाना बदलते हैं और सुबह 6 बजे अपडेट हो जाते हैं। पेट्रोल-डीजल का रोज़ का रेट आप SMS के जरिए भी जान सकते हैं। इंडियन ऑयल के कस्टमर RSP स्पेस पेट्रोल पंप का कोड लिखकर 9224992249 नंबर पर और बीपीसीएल (BPCL) के ग्राहक RSP लिख कर 9223112222 नंबर पर भेज जानकारी हासिल कर सकते हैं। वहीं, एचपीसीएल (HPCL) के ग्राहक HPPrice लिख कर 9222201122 नंबर पर भेजकर भाव पता कर सकते हैं।


