इंस्टेंट मैसेजिंग प्लेटफॉर्म WhatsApp अपने यूजर्स की सुविधा के लिए बिल्ट-इन eSIM डेटा प्लान्स फीचर पर काम कर रहा है। इसकी जानकारी WhatsApp के आगामी फीचर्स को ट्रैक करने वाली वेबसाइट Wabetainfo ने दी है। इस सुविधा के जरिए यूजर्स मैसेजिंग ऐप के अंदर से ही इंटरनेट डेटा प्लान खरीद सकेंगे।
यह सर्विस केवल eSIM इनेबल स्मार्टफोन पर काम करेगी। एंड्रॉयड और iPhone दोनों में eSIM की सुविधा उपलब्ध है। हालांकि, खरीदे गए डेटा का इस्तेमाल WhatsApp के अलावा दूसरे ऐप्स में भी किया जा सकेगा या नहीं, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
विदेश यात्रा करने वालों को होगा फायदा
इस फीचर के आने से विदेश यात्रा करने वाले लोगों को काफी सहूलियत मिल सकती है। अलग-अलग देशों में जाने पर उन्हें स्थानीय मोबाइल नेटवर्क का सिम कार्ड खरीदने या महंगे रिचार्ज प्लान लेने की जरूरत नहीं होगी। WhatsApp के जरिए डेटा प्लान खरीदकर वे अपने दोस्तों, रिश्तेदारों और सहकर्मियों से जुड़े रह सकेंगे।
बीटा वर्जन में चल रही है टेस्टिंग
WhatsApp के इस आगामी फीचर को एंड्रॉयड बीटा वर्जन 2.26.47.4 में देखा गया है। फिलहाल कंपनी इसकी टेस्टिंग कर रही है। हालांकि, इसे सभी यूजर्स के लिए स्टेबल वर्जन में कब तक जारी किया जाएगा, इसकी कोई आधिकारिक समयसीमा सामने नहीं आई है।
1Global के साथ पार्टनरशिप की तैयारी
Wabetainfo के मुताबिक, WhatsApp eSIM डेटा प्लान उपलब्ध कराने के लिए 1Global के साथ पार्टनरशिप की योजना बना रहा है। 1Global एक टेक्नोलॉजी कंपनी है, जिसे eSIM टेक्नोलॉजी, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT) सॉल्यूशन प्रोडक्ट और रिकॉर्डिंग कंप्लायंस के क्षेत्र में विशेषज्ञता हासिल है।
Wabetainfo ने इस फीचर से जुड़ी जानकारी के साथ एक इमेज भी साझा की है। इसमें भारत और अमेरिका समेत उन देशों के नाम दिखाई देते हैं, जहां यात्रा के लिए डेटा प्लान उपलब्ध कराने की सुविधा दिखाई गई है।
क्या होता है eSIM?
eSIM एक वर्चुअल सिम कार्ड होता है, जो स्मार्टफोन के अंदर मौजूद इनबिल्ट चिप पर काम करता है। रिलायंस जियो और एयरटेल भी eSIM की सुविधा उपलब्ध कराते हैं। इस पर सामान्य रिचार्ज और पोस्टपेड प्लान काम करते हैं। स्मार्टफोन में eSIM सेटअप करने के लिए QR कोड स्कैन करना होता है या दिए गए लिंक का इस्तेमाल करना पड़ता है।
WhatsApp के नए eSIM फीचर की 10 खास बातें
- WhatsApp बिल्ट-इन eSIM डेटा प्लान्स फीचर पर काम कर रहा है।
- यूजर्स ऐप के अंदर से ही इंटरनेट डेटा खरीद सकेंगे।
- यह सुविधा eSIM सपोर्ट करने वाले स्मार्टफोन में मिलेगी।
- एंड्रॉयड और iPhone दोनों यूजर्स के लिए यह फीचर उपयोगी हो सकता है।
- विदेश यात्रा के दौरान स्थानीय सिम खरीदने की जरूरत कम हो सकती है।
- WhatsApp के जरिए डेटा प्लान खरीदने की सुविधा मिलेगी।
- इस फीचर को एंड्रॉयड बीटा वर्जन 2.26.47.4 में देखा गया है।
- WhatsApp इस फीचर की टेस्टिंग कर रहा है।
- कंपनी 1Global के साथ पार्टनरशिप की योजना बना रही है।
- फीचर की आधिकारिक लॉन्चिंग की तारीख अभी घोषित नहीं हुई है।












