बागेश्वर खबर संसार। कैबिनेट मंत्री बनने के बाद पहली बार अल्मोड़ा दौरे पर श्रीमती रेखा आर्या का जगह जगह भव्य स्वागत किया गया। सर्किट हाउस अल्मोड़ा में पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद सोमेश्वर पहुंचने पर श्रीमती रेखा आर्या का ढोल नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत हुआ। भारी बारिश के बावजूद उनके समर्थक व पार्टी कार्यकर्ता स्वागत के लिए डटे रहे। सोमेश्वर में कांग्रेस के आधे दर्जन से ज्यादा कार्यकर्ताओं को भाजपा की सदस्यता दिलाई गई।
इस दौरान कैबिनेट मंत्री श्रीमती रेखा आर्या ने कहा कि वे कार्यकर्ताओं द्वारा इस तरह सम्मान मिलने पर गदगद हैं।
उन्होंने कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने जो प्यार और सम्मान उन्हें दिया है, वो किसी साधारण कार्यकर्ता के लिए बहुत बड़ी बात है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने पिछले साढ़े चार साल में भ्रष्टाचार मुक्त शासन दिया है, ये हमारी सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि है। श्रीमती रेखा आर्या ने कहा कि भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है, जहां महिलाओं को सशक्त कर उन्हें आगे बढाने में सभी का सहयोग मिलता है। उन्होंने कहा कि भाजपा साधारण से साधारण कार्यकर्ता को पूरा सम्मान देती है। उनकी मेहनत और समर्पण का उचित इनाम देती है।
कैबिनेट मंत्री ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि सरकार ने बेहतर ढंग से कोविड को नियंत्रित किया है। लोगों के स्वास्थ्य को देखते हुए कांवड़ यात्रा रद्द करने का फैसला लिया। इसके अलावा महिला एवं बाल विकास के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं चलाई हैं। एक दिन पहले ही मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना शुरू की गई है, जिससे 16936 लाभार्थियों को लाभ मिलेगा।इस दौरान श्रीमती आर्या का कोसी, मनान में भी कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। उन्होंने सोमेश्वर में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी हुकुम सिंह बोरा की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया।