बिहार के गया जिले में होमगार्ड भर्ती के लिए आयोजित दौड़ में एक युवती की तबीयत बिगड़ने के बाद उसे एम्बुलेंस से अस्पताल भेजा गया। लेकिन इस दौरान जो घटना सामने आई, उसने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया।
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि एम्बुलेंस चालक विनय कुमार और तकनीशियन अजीत कुमार ने चलती एम्बुलेंस में उसके साथ गैंगरेप किया। 26 वर्षीय पीड़िता इमामगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली है और भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने आई थी।
पुलिस ने 2 घंटे में आरोपियों को किया गिरफ्तार
गया के एसएसपी आनंद कुमार ने बताया कि युवती के होश में आने के बाद उसने डॉक्टरों को आपबीती सुनाई। जानकारी मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को महज दो घंटे में गिरफ्तार कर लिया।
घटना को गंभीरता से लेते हुए बोधगया एसडीपीओ सौरभ जायसवाल की अगुवाई में एक विशेष टीम बनाई गई, जिसने आरोपियों को पकड़ने के लिए त्वरित छापेमारी की।
एफएसएल टीम और CCTV फुटेज से जुटाए जा रहे साक्ष्य
पुलिस ने मौके पर एफएसएल टीम को भेजकर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य संकलन शुरू किया है। घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर अभियुक्तों की पहचान की गई।
एसएसपी आनंद कुमार ने कहा कि इस मामले में फास्ट ट्रैक जांच के जरिए जल्द ही आरोप पत्र दाखिल किया जाएगा और दोषियों को कठोर सजा दिलाई जाएगी।
पीड़िता का आरोप: बेहोशी में किया गया सामूहिक बलात्कार
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि जब वह बेहोश थी, उस समय एम्बुलेंस में मौजूद 3-4 लोगों ने मिलकर उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया। यह घटना न सिर्फ मानवता को शर्मसार करती है, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े करती है।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस




