मलेशिया की राजधानी क्वालालंपुर एयरपोर्ट पर उतरते ही अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपने मशहूर डांस स्टेप पर थिरकते नजर आए। 23 घंटे की लंबी फ्लाइट के बाद भी 79 वर्षीय ट्रंप तरोताजा दिखे। उनके इस अंदाज ने मौजूद लोगों का ध्यान खींच लिया। लेकिन इसी दौरान एक बड़ी घोषणा ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में हलचल मचा दी।
कनाडा पर 10 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ का ऐलान
ट्रंप ने कनाडा पर 10% अतिरिक्त टैरिफ लगाने का ऐलान किया। वजह — कनाडा में प्रसारित एक विज्ञापन जो उन्हें नागवार गुजरा। इस विज्ञापन में पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति और रिपब्लिकन नेता रोनाल्ड रीगन का एक पुराना वीडियो क्लिप दिखाया गया था, जिसमें कहा गया कि टैरिफ व्यापार और आर्थिक युद्धों का कारण बनते हैं।
ट्रंप ने इस विज्ञापन को गलत और भ्रामक बताते हुए इसे अमेरिका के खिलाफ शत्रुतापूर्ण कृत्य करार दिया। इसके बाद उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर पोस्ट करते हुए लिखा कि, कनाडा के इस रवैये के जवाब में मौजूदा दरों पर 10 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ लगाया जा रहा है।
कनाडाई उत्पादों पर भारी असर
ट्रंप सरकार के नए आदेश के बाद कई कनाडाई उत्पादों पर 35% शुल्क, इस्पात और एल्युमीनियम पर 50% शुल्क, और ऊर्जा उत्पादों पर 10% शुल्क लगाया गया है। हालांकि, अमेरिका-कनाडा-मेक्सिको समझौते (USMCA) के तहत आने वाले अधिकांश उत्पाद अब भी शुल्क मुक्त हैं।
रीगन के बयान को तोड़-मरोड़ कर दिखाने का आरोप
ट्रंप ने कहा कि दो बार राष्ट्रपति रहे रोनाल्ड रीगन के विचारों को विज्ञापन में तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मलेशिया में आयोजित आसियान शिखर सम्मेलन के दौरान उनकी कनाडाई प्रधानमंत्री कार्नी से मुलाकात की कोई योजना नहीं है।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस
