पश्चिम बंगाल, खबर संसार। पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव किया गया है। बता दें हाल ही में हावड़ा और न्यू जलपाईगुड़ी को जोड़ने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस को पीएम मोदी ने 30 दिसंबर वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए हरी झंडी दिखाई थी।
यह पथराव मालदा शहर से लगभग 50 किलोमीटर दूर कुमारगंज रेलवे स्टेशन के पास किया गया। इस घटना में 22303 वंदे भारत एक्सप्रेस के डिब्बा संख्या सी-13 का शीशा टूट गया है। कुमारगंज क्षेत्र पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एफएफआर) के कटिहार डिवीज़न के अधिकार क्षेत्र में आता है।
ट्रेन को बीच रास्ते में नहीं रोका गया
रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि घटना सोमवार को शाम करीब पांच बजकर 10 मिनट पर हुई और ट्रेन को बीच रास्ते में नहीं रोका गया। यह मालदा टाउन रेलवे स्टेशन पर अपने तय कार्यक्रम के तहत ही रुकी।
मालदा टाउन रेलवे स्टेशन राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के आईसी प्रशांत राय ने बताया कि रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) मामले की जांच कर रहा है।
बीजेपी ने जांच कराने की मांग
पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं बीजेपी के नेता शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि क्या यह घटना हावड़ा स्टेशन पर उद्घाटन समारोह में ‘जय श्री राम’ के नारे लगाने का ‘बदला’ है ? उन्होंने ट्वीट किया, ‘दुर्भाग्यपूर्ण व घिनौना। पश्चिम बंगाल के मालदा में भारत की शान वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव। क्या ऐसा उद्घाटन समारोह में ‘जय श्री राम’ के नारे लगाने का बदला लेने के लिए किया गया? मैं प्रधानमंत्री कार्यालय, रेल मंत्रालय को मामले की जांच एनआईए को सौंपने और दोषियों को दंडित करने का आग्रह करता हूं।’
उद्घाटन समारोह में बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने ‘जय श्री राम’ के नारे लगाए थे, जिसके बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने उस मंच पर जाने से इनकार कर दिया जहां से ट्रेन को हरी झंडी दिखाई गई थी। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने बनर्जी को मनाने की कोशिश लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। ममता बनर्जी मुख्यमंत्री मंच के सामने कुर्सी पर बैठ गई थीं।
यह भी पढ़ें- Anushka ने प्यूमा पर लगाया बिना परमिशन फोटो इस्तेमाल करने का आरोप
हमारे फ़ैज़ी वेबसाइट से जुड़ने के लिए क्लिक करें


