दुबई, खबर संसार। पहले मैच में पाकिस्तान को हराने के बाद आत्मविश्वास से ओतप्रोत भारतीय क्रिकेट टीम एशिया कप के दूसरे और आखिरी लीग मैच में बुधवार को हांगकांग के खिलाफ बल्लेबाजी क्रम या टीम संयोजन में बदलाव कर सकती है।
केएल राहुल जैसे बल्लेबाजों के लिये यह लय में लौटने का सुनहरा मौका भी होगा। रोहित शर्मा की टीम के लिये ग्रुप ए का यह मैच नेट अभ्यास से अधिक नहीं होगा चूंकि हांगकांग की टीम में भारत और पाकिस्तान मूल के ही खिलाड़ी हैं जो इन दोनों देशों की प्रथम श्रेणी टीमों में भी शायद जगह नहीं बना पाते।
हार्दिक पंड्या के शानदार हरफनमौला प्रदर्शन के दम पर पाकिस्तान को आखिरी ओवर में हराने के बाद अब फोकस बल्लेबाजी अभ्यास पर होगा। राहुल ने इस साल पहला टी20 मैच पाकिस्तान के खिलाफ पिछला मैच खेला। वह बल्लेबाजी अभ्यास पर फोकस करना चाहेंगे।
इस मैच में भारत कर सकता है प्रयोग
टी20 में 20 गेंद में 45 रन का महत्व 65 गेंद में नाबाद 90 जैसे स्कोर से अधिक होता है। पारी किस तरह से खेली गई है और मैच में उसकी क्या अहमियत है, इस पर जोर रहेगा। भारत की नजरें 16 अक्टूबर से 13 नवंबर तक आस्ट्रेलिया में होने वाले टी20 विश्व कप के लिये सही टीम संयोजन तलाशने पर भी है।
हांगकांग के पास पाकिस्तान जैसे गेंदबाज तो नहीं है लेकिन उसे हलके में भी नहीं लिया जा सकता क्योंकि एक अनजान टीम के प्रदर्शन को लेकर कयास नहीं लगाया जा सकता। कप्तान रोहित ने साफ तौर पर कहा है कि प्रयोग जारी रहेंगे लिहाजा बल्लेबाजी क्रम में बदलाव हैरानी का विषय नहीं होगा।
पाकिस्तान के खिलाफ कुछ खास नहीं कर सके रोहित को भी अच्छी पारी खेलने की उम्मीद होगी। देखना यह होगा कि रविंद्र जडेजा को चौथे नंबर पर उतारा जाता है या दिनेश कार्तिक की जगह ऋषभ पंत को मौका मिलता है। पाकिस्तानी टीम में शाहीन शाह अफरीदी के नहीं होने के बावजूद भारतीय शीर्षक्रम कुछ खास नहीं कर सका।
इसे भी पढ़े-BCCI ने शेयर की 11 तस्वीरें, पाकिस्तान के खिलाफ खेल सकते है ये खिलाड़ी?
हमारे फेसबुक पेज से जुड़ने के लिए


