भारत में रोजाना हजारों वाहन चालकों पर ट्रैफिक नियम तोड़ने के कारण चालान कटते हैं। कई लोग तुरंत जुर्माना भर देते हैं, लेकिन बड़ी संख्या में मामले कोर्ट तक पहुंच जाते हैं। ऐसे लंबित मामलों के निपटारे के लिए लोक अदालत एक आसान और सस्ता विकल्प बनकर सामने आती है। खास बात यह है कि 10 जनवरी 2026 को आयोजित लोक अदालत में पुराने ट्रैफिक चालानों का निपटान किया जाएगा।
कैसे होती है लोक अदालत में सुनवाई?
लोक अदालत का उद्देश्य विवादों का जल्दी और आपसी सहमति से समाधान करना होता है। यहां कोर्ट जैसी लंबी प्रक्रिया नहीं होती। छोटे और सामान्य ट्रैफिक उल्लंघन मामलों में कई बार पूरा जुर्माना माफ कर दिया जाता है या बेहद कम राशि लेकर केस खत्म कर दिया जाता है। यही कारण है कि लोग लोक अदालत का इंतजार करते हैं, क्योंकि इससे समय और पैसे दोनों की बचत होती है।
किन ट्रैफिक चालानों पर मिल सकती है राहत?
अदालत में बिना हेलमेट, सीट बेल्ट न लगाना, गलत पार्किंग, रेड लाइट जंप, प्रदूषण प्रमाणपत्र न होना और इंश्योरेंस एक्सपायर जैसे मामलों पर सुनवाई होती है। इन मामलों में अक्सर राहत मिल जाती है। हालांकि शराब पीकर ड्राइविंग, खतरनाक ड्राइविंग, हिट एंड रन जैसे गंभीर अपराधों में लोक अदालत कोई राहत नहीं देती।
लोक अदालत के लिए जरूरी दस्तावेज
लोक अदालत में शामिल होने के लिए पहले टोकन लेना होता है। इसके साथ चालान की कॉपी, वाहन का रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट, ड्राइविंग लाइसेंस और पहचान पत्र (आधार या वोटर आईडी) जरूरी होते हैं। सही दस्तावेज होने पर आपका मामला जल्दी निपट सकता है।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस

