अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को संकेत दिया कि रूस-यूक्रेन युद्ध किसी न किसी रूप में खत्म होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यूक्रेन के लिए उनका प्रस्तुत किया गया 28-सूत्रीय शांति प्रस्ताव ‘आखिरी ऑफर’ नहीं है। रिपोर्टर्स के पूछने पर कि क्या यूक्रेन के क्षेत्रीय समझौते, सेना में कटौती और नाटो सदस्यता छोड़ने वाला प्रस्ताव उनका अंतिम सुझाव है, ट्रंप ने साफ कहा— “नहीं।” ट्रंप ने दोहराया, “हम इसे खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं। किसी न किसी तरह, यह युद्ध समाप्त करना ही होगा।”
जेलेंस्की और पुतिन की प्रतिक्रिया क्या आई?
ट्रंप के प्रस्ताव पर यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने ठंडा रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि यूक्रेन जल्द ही अपने ‘दूसरे विकल्प’ का प्रस्ताव रखेगा। वहीं रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने संकेत दिया कि वह इस प्लान की “डिटेल्स पर बातचीत” के लिए तैयार हैं। हालांकि पुतिन ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कीव ने इनकार किया, तो रूस फरवरी 2022 से जारी सैन्य अभियान को आगे बढ़ाता रहेगा।
ट्रंप की समयसीमा और चेतावनी
शुक्रवार को ट्रंप ने कहा था कि 27 नवंबर—थैंक्सगिविंग के दिन—जेलेंस्की के लिए समझौते पर सहमत होने का “सही समय” है। लेकिन बाद में उन्होंने यह स्पष्ट किया कि यह समयसीमा लचीली हो सकती है।
ट्रंप ने कहा, “उन्हें यह डील पसंद आनी चाहिए। और अगर पसंद नहीं आती… तो उन्हें लड़ते रहना चाहिए। लेकिन किसी न किसी समय, उन्हें कुछ न कुछ मानना ही होगा।”
जिनेवा में आगे की बातचीत तय
एक अमेरिकी अधिकारी ने एएफपी को बताया कि अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो और ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ रविवार को जिनेवा पहुंचेंगे। यहां यूरोपीय अधिकारियों के साथ शांति प्रस्ताव पर विस्तृत चर्चा होने की उम्मीद है।
अंतरराष्ट्रीय समुदाय की निगाहें इस मीटिंग पर टिकी हुई हैं, क्योंकि यही वार्ता युद्ध को रोकने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।
यह भी पढ़ें- Anushka ने प्यूमा पर लगाया बिना परमिशन फोटो इस्तेमाल करने का आरोप
हमारे फ़ैज़ी वेबसाइट से जुड़ने के लिए क्लिक करें
