बरेली हिंसा मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सीबीगंज थाना क्षेत्र के बंडीया नहर के पास पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हुई। आरोपियों के नाम इदरीस और इकबाल बताए गए हैं। दोनों ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की। मुठभेड़ में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी और पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। इनके पास से एसपी सिटी के गनर की लूटी गई बंदूक भी बरामद हुई है।
गिरफ्तारियों का आंकड़ा पहुंचा 75 पर
बरेली पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। अब तक 75 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। पहले 73 लोगों को अरेस्ट किया गया था और इदरीस व इकबाल की गिरफ्तारी के बाद यह संख्या बढ़ गई। पुलिस का कहना है कि अभी और गिरफ्तारियां होनी बाकी हैं।
आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस जांच में सामने आया है कि इदरीस शाहजहांपुर का रहने वाला है और उसके खिलाफ 30 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं इकबाल पर 17 केस दर्ज हैं। दोनों आरोपी हिंसा भड़काने के लिए बरेली आए थे। पुलिस ने उनके पास से एंटी फ्लेयर गन भी जब्त की है।
3000 लोगों के खिलाफ FIR
हिंसा मामले में पुलिस ने अब तक 3000 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। इनमें नामजद और अज्ञात दोनों तरह के आरोपी शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, आने वाले दिनों में और बड़ी कार्रवाई हो सकती है।
तौकीर रजा पर मास्टरमाइंड होने का आरोप
शुरुआती जांच में मौलाना तौकीर रजा को इस हिंसा का मास्टरमाइंड बताया गया है। आरोप है कि हिंसा की योजना पहले से बनाई गई थी और पुलिस के समझाने के बावजूद उपद्रव भड़क गया। बताया जाता है कि प्रदर्शन के नाम पर इस घटना को अंजाम दिया गया था।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस
